शिक्षा विभाग की चीफ मिनिस्टर्स सुपर 50 स्कीम के तहत सरकारी स्कूलों में कोचिंग कक्षाओं की कवायद शुरू हो गई है। एसआएमएल हायर सेकेंडरी स्कूल जम्मू ने बारहवीं की परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों के लिए ग्यारह अप्रैल से सीईटी की कोचिंग कक्षाएं शुरू करने का शेड्यूल जारी कर दिया है।
स्कूल प्रिंसिपल के अनुसार बारहवीं की परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों को कामन इंट्रेस इक्जाम 2016 की तैयारी के लिए एसआरएमएल हायर सेकेंडरी स्कूल परेड, हायर सेकेंडरी स्कूल गांधीनगर, गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुबारक मंडी, गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शास्त्रीनगर जम्मू में कोचिंग दी जाएगी। इसी तरह से केजी कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू की जा चुकी है।
अभिभावक स्कूल के केजी सेक्शन की कोआर्डिनेटर जसविंदर कौर से संपर्क कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने दस हायर सेकेंडरी और चार हाई स्कूलों को कोचिंग कक्षाएं चलाने के लिए चिन्हित किया है।
दो दिन पूर्व जारी किए गए आदेश में स्कूलों से कहा गया है कि वह नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को कोचिंग देने की व्यवस्था करवाएं। कोचिंग कक्षाएं चलाने के लिए स्कूल फंड की राशि का इस्तेमाल किया जा सकता है।