मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थी अपनी इच्छा से पास कोर्स और ऑनर कोर्स चुन सकेंगे।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थी अपनी इच्छा से पास कोर्स और ऑनर कोर्स चुन सकेंगे। प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में पास कोर्स शुरू किए जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 2013-14 में प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से लागू च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के अंतर्गत विद्यार्थियों पर ऑनर्स कोर्स जबरदस्ती नहीं थोपे जाने चाहिए।
सीएम ने यह बात राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। कहा कि ऑनर्स कोर्स कुछ चयनित महाविद्यालयों में आरंभ किए जाएंगे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने सीबीसीएस मॉडल पर विद्यार्थियों को पास कोर्स तथा ऑनर कोर्स में से चुनने की स्वतंत्रता दी है।
यदि सीबीसीएस को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के समान लागू किया जाए तो यह विद्यार्थियों के व्यापक हितों के लिए बेहतर होगा। बैठक के दौरान सीएम ने एमफिल तथा पीएचडी प्राध्यापकों को यूजीसी नियमों के अनुसार पूर्व में दी जा रही वेतनवृद्धि को वापस लेने तथा इसका समायोजन उनके वेतन से किए जाने के मामले को गलत बताया।
कहा कि मामले का निपटारा करने को यह मुद्दा शीघ्र मंत्रिमंडल बैठक में लाया जाएगा। प्रदेश पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष और प्रदेश विश्वविद्यालय कार्यकारी समिति सदस्य हरीश जनारथा ने कहा कि सीबीसीएस की कमियों को शीघ्र दूर किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव पी मित्रा, कुलपति प्रो एडीएन वाजपेयी, अतिरिक्त मुख्य सचिव वीसी फारका, पीसी धीमान, डा. श्रीकांत बाल्दी, निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी, परियोजना निदेशक रूसा अमर देव भी उपस्थित थे।