सरकार और निजी स्कूलों की लड़ाई के बीच आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) अभिभावकों के बच्चे पिस रहे हैं। निजी स्कूलों में हरियाणा शिक्षा नियम 134 ए के तहत दाखिले के लिए परीक्षा पास करने के बाद शिक्षा विभाग ने पत्र जारी कर दिया।
इसके बाद अभिभावकों ने अपने बच्चों का नाम स्कूलों से कटवा दिया। अब निजी स्कूलों ने बच्चों को दाखिला देने से मना कर दिया है। ऐसे में अभिभावक दाखिले के लिए खंड शिक्षा अधिकारी से लेकर मंडलायुक्त के दफ्तर तक का चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को अभिभावक मंडलायुक्त डी. सुरेश से मिले।
उनका कहना है कि शिक्षा विभाग के पत्र जारी होने के बाद स्कूलों ने दूसरे स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों के ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) मंगवा लिए, लेकिन अब दाखिला देने से मना कर दिया। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल बिना फीस लिए दाखिला देने को तैयार नहीं है।