सीबीएसई स्कूलों में अब नए छह खेल इस सत्र से जुड़ने जा रहे हैं। जिससे इन खेलों के शौकीन प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। इसमें चार ऐसे खेल हैं। जो ओलंपिक में शामिल हैं। जबकि एक खेल के 2020 में जुड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं।
सीबीएसई बोर्ड के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी स्कूल स्तर पर ही तैयार किए जा सकें, इसके तहत ही ओलंपिक संघ से पंजीकृत छह नए खेल शामिल किए गए हैं।
हालांकि इसके लिए बोर्ड ने अच्छे संसाधन उपलब्ध कराने को स्पोर्ट्स फीस में इजाफा किया है। जिसका प्रभाव अभिभावकों पर पड़ सकता है। लेकिन प्रतिभाओं को आगे लाने और उनके भविष्य के लिए यह जरूरी भी है। सीबीएसई बोर्ड ने स्कूलों को इसके तहत बेहतर संसाधन मुहैया कराने के आदेश दे दिए हैं।
ये खेल होंगे शामिल
सीबीएसई बोर्ड तीरंदाजी, जिमनास्टिक, शूटिंग, बॉक्सिंग, कबड्डी और वूशू खेल को स्कूलों के खेल कैलेंडर में शामिल करने जा रहा है। इससे पहले सीबीएसई 20 खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन करती आ रही है।
इसके तहत स्कूलों को पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। यह खेल सीबीएसई नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में सीधे शामिल किए जाएंगे। इस वजह से फरीदाबाद के इन खेलों के खिलाडिय़ों को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। क्योंकि इन खेलों के जिले में कम संसाधन होने के बाबजूद काफी अच्छे खिलाड़ी निकलकर सामने आ रहे हैं।