प्रदेश के बीएड टीईटी पास 1164 प्रशिक्षित बेरोजगारों का शिक्षक बनने का सपना पूरा हुआ। एससीईआरटी ने रविवार को इनकी अंतिम सूची जारी कर दी। अपर निदेशक गीता नौटियाल ने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को जनपद आवंटित कर दिए गए हैं। 31 मार्च से पहले सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल जाएगी।
प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती के लिए एससीईआरटी की ओर से बेरोजगारों से आवेदन मांगे गए थे। पांच मार्च शाम पांच बजे तक इसके लिए आवेदन जमा किए गए। अपर निदेशक गीता नौटियाल के मुताबिक 20 हजार से अधिक बेरोजगारों ने इसके लिए आवेदन किए।
बीईओ करेंगे अभ्यर्थियों की नियुक्ति
विभाग की ओर से रविवार शाम चयनित शिक्षकों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को जनपद भी आवंटित किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सूची एससीईआरटी की वेबसाइट में देखी जा सकती है।
अपर निदेशक ने कहा कि जिस चयनित अभ्यर्थी को जो जनपद आवंटित हुआ है वह संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी के पास अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ पहुंचे। अभ्यर्थियों की नियुक्ति बीईओ करेंगे। जो रिक्तियों के अनुरूप उन्हें स्कूल आवंटित करेंगे।
बीएड बेरोजगारों के लिए था शिक्षक बनने का अंतिम मौका
बीएड टीईटी पास प्रशिक्षित बेरोजगारों के लिए बेसिक स्कूलों में शिक्षक बनने का यह अंतिम मौका है। इसके बाद कोई बीएड पास प्रशिक्षित बेरोजगार बेसिक स्कूलों में शिक्षक नहीं बन पाएगा।
यही वजह रही कि आवेदन जमा कराए जाने के 20 दिनों के भीतर एससीईआरटी की ओर से चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। एनसीईआरटी की गाइड लाइन के मुताबिक 31 मार्च के बाद बेसिक विद्यालयों में शिक्षक बनने के लिए अभ्यर्थी को डीएलएड अनिवार्य किया गया है।