रोहतक। यदि आप सेना का हिस्सा बनना चाहते हैं तो अच्छी तरह से तैयारी कर लें। नियम बदल चुके हैं। ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया होने के बाद आपको एक भर्ती में भाग लेने का केवल एक ही मौका मिलेगा। यदि आप सैनिक जीडी में फेल होते हैं तो पहले की भांति दूसरे किसी ट्रेड के लिए आवेदन नहीं कर सकते।
अभी तक सेना की ओपन भर्ती होती थी, जिसमें कोई भी पात्र अभ्यर्थी मौके पर जाकर भर्ती में शामिल हो सकता था। ऐसे में कई बार अभ्यर्थी शुरूआत में सैनिक जीडी के लिए आवेदन कर देता था। किसी कारणवश सैनिक जीडी के फिजिकल में फेल हो गया तो वह टेक्निकल या फिर अन्य ट्रेड के लिए आवेदन कर देता था। इस तरह एक ही भर्ती में अभ्यर्थियों को दो-दो मौके मिल जाते थे। आंकड़ों के अनुसार, ओपन होने वाली भर्तियों में करीब 10 फीसदी अभ्यर्थी ऐसा ही करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो सकेगा।
ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से जहां सेना को राहत मिली है, वहीं दोहरा अवसर प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों पर शिकंजा कसा गया है। सेना के अधिकारियों की मानें तो अभ्यर्थियों के कारण भर्ती स्थल पर अधिक भीड़ हो जाती थी, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम के तहत अभ्यर्थी केवल एक ही ट्रेड के लिए आवेदन कर सकता है।
जो ऑनलाइन आवेदन करेगा वही भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेगा। मसलन, यदि अभ्यर्थी ने सैनिक जीडी के लिए आवेदन किया है और उसमें वह फेल हो गया तब वह दूसरे किसी ट्रेड के लिए आवेदन नहीं कर सकेगा। यदि वह आवेदन करना भी चाहेगा तो सॉफ्टवेयर में उसका रजिस्ट्रेशन अपलोड नहीं होगा। ऑनलाइन सिस्टम के बाद अभ्यर्थियों के पास अच्छी तैयारी के सिवा और कोई विकल्प नहीं बचा है।
निष्पक्ष होगी भर्ती : निदेशक
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल केएस भाटी का कहना है कि ऑनलाइन सिस्टम शुरू होने के बाद कोई भी अभ्यर्थी चीटिंग नहीं कर सकेगा। दूसरा विकल्प तलाशने के बजाए अभ्यर्थी पहले ही अच्छी तरह से तैयारी कर भर्ती में पहुंचे। उन्होंने कहा कि भर्ती को पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।