जम्मू कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की तरफ से आनलाइन फार्म भरने वाले विद्यार्थियों के रिजल्ट की सूची बोर्ड ने जारी करना शुरू कर दिया है। अभी तक बोर्ड ने 418 विद्यार्थियों को आंसर शीट की फोटो स्टेट कापी देने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले आंसर शीट की कापी लेने के लिए महीनों लग जाते थे।
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने पहली बार आनलाइन रिवैल्यूएशन फार्म भरने की सुविधा को शुरू किया था। कश्मीर से इसकी शुरुआत हुई थी, जहां दसवीं और 12वीं के हजारों विद्यार्थियों ने इसका लाभ हासिल किया।
अब जम्मू संभाग में 12वीं के वार्षिक परिणाम निकलने के बाद इसकी शुरुआत की गई है। परीक्षा परिणाम से नाखुश हजारों विद्यार्थियों ने रिवैल्यूएशन फार्म भरे थे। अब दस दिन के अंदर ही बोर्ड ने आंसर शीट की कापी देने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
छह चरणों में बोर्ड ने आंसर शीट के लिए अधिसूचना जारी की है। इन विद्यार्थियों को बोर्ड ने 16 मई तक बोर्ड कार्यालय में पहुंच कर आंसर शीट की फोटो स्टेट कापी लेने को कहा है, जहां विद्यार्थी देख सकेंगे की उनको क्यों नंबर कम मिले हैं और कहां उनसे कमी रह गई है।
आंसर शीट की कापी लेने के लिए बोर्ड ने सुबह साढ़े आठ से दोपहर एक बजे तक का समय रखा है। आनलाइन फार्म की सुविधा से पहले विद्यार्थियों को रिवैल्यूएशन का रिजल्ट और आंसर शीट की कापी देखने के लिए महीने से भी ज्यादा इंतजार करना पड़ता था।