जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को जम्मू संभाग के विंटर सेशन स्कूलों का 12वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया। कुल परीक्षा परिणाम 32 प्रतिशत रहा है और ज्यादातर पोजीशन पर सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों ने कब्जा किया है।
कुल परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कियों का परीक्षा परिणाम 33 प्रतिशत रहा है, जबकि लड़कों का 31 प्रतिशत। आर्ट्स में पहली पोजीशन गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल डोडा की रुकाया बानो ने हासिल की, जबकि साइंस स्ट्रीम में शाहीन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल डोडा की फैका फातिमा ने पहली पोजीशन हासिल की।
कामर्स में पहली पोजीशन गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल डोडा के खालिद बशीर ने हासिल की है। कुल 19513 विद्यार्थियों ने वार्षिक परीक्षा में हिस्सा लिया था। 6158 विद्यार्थियों ने परीक्षा को पास किया है।
आर्ट्स स्ट्रीम में 5210 लड़कों ने परीक्षा दी थी, पास 979 हुए और कुल परीक्षा परिणाम 19 प्रतिशत रहा। कामर्स में 34 लड़कों ने परीक्षा दी, पास नौ हुए और कुल परीक्षा परिणाम 26 प्रतिशत रहा।
साइंस स्ट्रीम में 5646 लड़कों ने हिस्सा लिया, पास 2365 हुए और कुल परीक्षा परिणाम 42 प्रतिशत रहा। आर्ट्स स्ट्रीम में 4701 लड़कियों ने हिस्सा लिया, पास 967 हुई और कुल परीक्षा परिणाम 21 प्रतिशत रहा।
कामर्स में छह लड़कियों ने हिस्सा लिया, पास दो हुईं और कुल परीक्षा परिणाम 33 प्रतिशत रहा। साइंस में 3916 लड़कियों ने हिस्सा लिया और पास 1836 हुई और कुल परीक्षा परिणाम 47 प्रतिशत रहा।