अकादमिक सत्र 2016-17 में विभिन्न अकादमिक प्रोग्रामों (पीजी विभागों) में दाखिले के लिए आगामी 12 जून को होने जा रहे जम्मू यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (जेयूईटी) 2016 के लिए आनलाइन आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो गई है। हालांकि आगामी 26 मई तक लेट फीस के साथ बचे हुए विद्यार्थियों को आवेदन करने का मौका दिया गया है।
आनलाइन प्रक्रिया में 12 हजार से अधिक आवेदन आए हैं, जिससे एक-एक सीट के लिए कांटे की टक्कर रहेगी। एंट्रेंस में क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों को जम्मू विश्वविद्यालय, मुख्य कैंपस/आफसाइट कैंपस और मान्यता प्राप्त कालेजों में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) प्रोग्राम, पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी, स्नातक) डिप्लोमा प्रोग्राम और अंडर ग्रेजुएट (यूजी, 12वीं,) प्रोग्राम में दाखिला दिया जाएगा।
टेस्ट के लिए उम्मीदवार 31 मई से 12 जून तक आनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के अगले दिन 13 जून को उत्तर-की संबंधित वेबसाइट पर जारी की जाएगी। 16 जून तक शिकायतें दर्ज करवाने के बाद 21 जून को जेयूईटी के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
एंट्रेंस के लिए बनाए गए मानदंड में एकेडमिक मेरिट में 75 प्रतिशत और एंट्रेंस टेस्ट में 25 प्रतिशत अंक लेने वाले को दाखिला प्रक्रिया में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। एंट्रेंस में जनरल में तीस प्रतिशत और एससी/एसटी वर्ग में 25 प्रतिशत से कम अंक लेने वालों को दाखिला प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
जेयूईटी में हजारों विद्यार्थियों के शामिल होने से कड़ी टक्कर रहेगी। एंट्रेंस टेस्ट के लिए जम्मू के अलावा कठुआ, उधमपुर, किश्तवाड़, भद्रवाह, राजोरी, पुंछ, श्रीनगर और लेह में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बारहवीं और स्नातक के विद्यार्थियों के लिए दो सेट में प्रश्न पत्र होंगे।
इसमें 150 ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न होंगे। निर्धारित तिथि को सुबह के सत्र में होने वाली इस परीक्षा में 40 प्रश्न जनरल अंग्रेजी, 40 रीजनिंग, 40 सामान्य ज्ञान और 30 प्रश्न न्यूमेरिकल एबिल्टी से आएंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होंगी।