अमेरिका एवं चीन के मध्य व्यापारिक टकराव की आशंकाओं के बीच एशियाई बाजारों में मिले-जुले रुख और सटोरियों की मुनाफावसूली से बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 67 अंक गिर कर शुरू हुआ। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 67.80 अंक यानी 0.18 प्रतिशत गिरकर 35,621.80 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स शुक्रवार को 257.21 अंक चढ़ा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती दौर में 20.60 अंक यानी 0.19 प्रतिशत गिरकर 10,801.25 अंक पर रहा। डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट ने कारोबारियों की चिंता और अधिक बढ़ा दी है। आज शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 29 पैसे गिरकर 68.13 रुपये प्रति डॉलर पर रहा। अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक बीते शुक्रवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 1.343.44 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,105.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
अन्य एशियाई बाजारों में हांगकांग का हेंग सेंग सूचकांक 0.49 प्रतिशत जबकि जापान का निक्केई सूचकांक शुरुआती कारोबार में 0.34 प्रतिशत गिरा। हालांकि शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.17 प्रतिशत चढ़ा। अमेरिका का डाउ जोंस इंडस्ट्रियल सूचकांक बीते शुक्रवार को कारोबार की समाप्ति पर 0.49 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।