औसतन हर परिवार एक घर खरीदने के बारे में सोचता है। उसका लक्ष्य होता है कि अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा दें, उनकी शादी करें और इतने पैसे की व्यवस्था रखें, जिससे रिटायरमेंट के बाद जीवन आराम से गुजर जाए। इन बड़े लक्ष्यों के बीच कुछ छोटे-छोटे लक्ष्य भी होते हैं, जैसे-परिवार के साथ छुट्टियां बिताना, कार खरीदना तथा छोटी-मोटी बीमारियों और घर की मरम्मत के लिए पास में पर्याप्त धन होना।
| कार खरीदना 2022 | 5 लाख रुपये |
| बेटे की कॉलेज में पढ़ाई 2028 | 15 लाख रुपये |
| बेटी की कॉलेज में पढ़ाई 2030 | 18 लाख रुपये |
| रिटायरमेंट 2040 | 1 करोड़ रुपये |
वित्तीय लक्ष्य तक पहुंचना
लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आपको वित्तीय योजनाओं में निवेश करना पड़ेगा। छोटे निवेशकों को निवेश में जो योजना मदद करती है, वह है म्यूचुअल फंड्स। इसमें आप 500 रुपये के निवेश से भी शुरुआत कर सकते हैं और इनमें अनेक विकल्प हैं। जैसे, तीन साल से कम अवधि के निवेश के लिए डेट फंड बेहतर है, तो तीन से पांच साल की अवधि के लिए हाइब्रिड फंड अच्छा है। जबकि सात साल और उससे अधिक की अवधि के लिए इक्विटी म्यूचुअल फंड बेहतर है।
50-30-20 नियम
अपनी आय तीन हिस्सों में बांटें। 20 फीसदी हिस्सा निवेश और कर्ज चुकाने में खर्च करें। 50 फीसदी हिस्सा आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी पर खर्च करें, जबकि 30 प्रतिशत हिस्सा आवश्यक नहीं, लेकिन जरूरी चीजों पर खर्च करें।