पांच राज्यों में समपन्न हुए विधानसभा चुनावों के बाद मंगलवार को खुले शेयर बाजार में जहां अच्छी तेजी देखने को मिली थी, वो बुधवार को सुस्त पड़ गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों कमजोरी के साथ बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला सेंसेक्स 0.15 फीसदी अंकों की गिरावट के साथ 29400 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 9080 पर बंद हुआ।
शुरूआत में दिखी थी तेजी
बाजार जब बुधवार को खुला था तो उसमें तेजी थी, लेकिन अमेरिकी फेड के फैसले को लेकर बाजार थोड़ा सा सुस्त पड़ गया था। बीच में सेंसेक्स 29500 के स्तर पर पहुंच गया था और निफ्टी भी 9106.55 के स्तर को छू गया था। हालांकि मिडकैप इंडेक्स में तेजी देखने को मिली और यह एक फीसदी बढ़कर 13,700.6 के स्तर पर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.8 फीसदी की मजबूती आई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है।
निफ्टी के इन शेयरों में दिखी तेजी
निफ्टी के ऑटो इंडेक्स में 0.8 फीसदी और मेटल इंडेक्स में 0.5 फीसदी की तेजी आई है। बीएसई के रियल्टी इंडेक्स में 0.7 फीसदी और कंज्यूमर ड्युरेबल्स इंडेक्स में 0.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। हालांकि आईटी शेयरों में बिकवाली के चलते दबाव दिखा है। निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.7 फीसदी गिरकर बंद हुआ है। साथ ही ऑयल एंड गैस शेयरों में भी थोड़ा दबाव देखने को मिला है।
ऑटो, मेटल, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और रियल्टी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है। बैंक निफ्टी 0.25 फीसदी बढ़कर 21,158 के स्तर पर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.3 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।