त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले ही एसबीआई ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई ऑफर पेश किए हैं। बैंक अपने ग्राहकों को होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन और गोल्ड लोन पर कम ब्याज के साथ प्रोसेसिंग शुल्क से भी छूट दे रहा है।
एसबीआई ने सोमवार को बताया कि बैंक के योनो एप के जरिये लोन का आवेदन करने वाले ग्राहक को प्रोसेसिंग शुल्क नहीं देना होगा। कार लोन पर ब्याज की शुरुआत 7.5 फीसदी से होगी और चुनिंदा मॉडलों पर ऑनरोड कीमत का 100 फीसदी कर्ज दिया जाएगा। सरकार की ओर से अप्रूव्ड प्रोजेक्ट में मकान खरीदने वाले ग्राहक को होम लोन पर प्रोसेसिंग शुल्क नहीं देना पड़ेगा। क्रेडिट स्कोर और कर्ज राशि के आधार पर ब्याज में भी 10 आधार अंक तक विशेष छूट दी जा रही है।
योनो एप से आवेदन पर ब्याज में 5 आधार अंक की और छूट मिलेगी। इसके अलावा 7.5 फीसदी ब्याज पर 36 महीने के लिए गोल्ड लोन मिल रहा है। पर्सनल लोन भी 9.6 फीसदी दर से दिया जाएगा। एसबीआई खाताधारक पीएपीएल स्पेस के बाद खाते का आखिरी चार अंक लिखकर 567676 पर मैसेज के जरिये अपनी योग्यता जांच सकते हैं।
अभी इतना लगता है प्रोसेसिंग शुल्क
पर्सनल लोन : कर्ज राशि का 1.50 फीसदी और जीएसटी
कार लोन : कर्ज राशि का 0.50 फीसदी और जीएसटी
होम लोन : कर्ज राशि का 0.40 फीसदी और जीएसटी
गोल्ड लोन : कर्ज राशि का 0.50 फीसदी और जीएसटी