कड़ाके की ठंड के बीच अब आप गर्मागर्म चाय के अलावा टोमैटो सूप का भी मजा ले सकते हैं, क्योंकि देश में टमाटर की आपूर्ति बढ़ने से ये सस्ते हो गए हैं। पिछले एक सप्ताह में इनके दाम में 13 फीसदी की और एक माह में 24 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
सरकार ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि 21 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में देशभर में टमाटर के दामों में पिछले सप्ताह के मुकाबले 13 फीसदी की गिरावट आई है। यह अंतर आपूर्ति बढ़ने के कारण आया है। 21 दिसंबर को टमाटर के खेरची दाम 47.52 रुपये प्रति किलो रहे, जबकि 14 दिसंबर को दाम 54.55 रुपये किलो थे। पिछले माह यानी 21 नवंबर को दाम 62.27 रुपये किलो थे।
इन राज्यों में बढ़ी आवक
बयान के अनुसार देश के सभी प्रमुख शहरों में 21 दिसंबर को टमाटर के दामों में पिछले एक सप्ताह व एक माह की तुलना में घटे हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश व दिल्ली में टमाटर की आवक बढ़ी है, इसलिए कीमतों में सुधार हुआ है। टमाटर की थोक कीमतें कम होने की उम्मीद है क्योंकि राजस्थान के टमाटर बाजार में आने वाले हैं। अन्य राज्यों से भी दिसंबर अंत तक आवक बढ़ सकती है। खाद्य व उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि कम बारिश के कारण महाराष्ट्र और गुजरात में टमाटर की आपूर्ति में कमी दूर हो गया है। अधिकांश खेरची बाजारों में कीमतों में कमी देखी गई है।
पिछले माह 100 से 120 रुपये हो गए थे दाम
उल्लेखनीय है कि पिछले माह आपूर्ति बाधित होने के कारण देश के कई शहरों में टमाटर की कीमतें 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।