केंद्र सरकार ने बुधवार को मिलिंग खोपरे और खोपरा बॉल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने का फैसला किया। मिलिंग खोपरे के दाम 255 रुपये प्रति क्विंटल और खोपरा बॉल के दाम 400 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाए गए हैं।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में खोपरा उत्पादन सीजन-2022 के लिए एमएसपी को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद जारी बयान में कहा कि उचित औसत गुणवत्ता (एफएक्यू) के मिलिंग खोपरा की एमएसपी को नए सीजन के लिए 10,590 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। 2021 सीजन में इसकी एमएसपी 10,335 रुपये प्रति क्विंटल थी। इसी तरह बॉल खोपरे की एमएसपी 2022 सीजन के लिए बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति क्विंटल की गई है, जबकि 2021 में यह 10,600 रुपये प्रति क्विंटल थी।
सरकार ने कहा कि खोपरा उत्पादन सीजन 2022 के लिए एमएसपी में वृद्धि 2018-19 के बजट में सरकार द्वारा घोषित उपज का मूल्य औसत उत्पादन लागत से कम से कम डेढ़ गुना करने की नीति के अनुरूप है।