महंगाई के मोर्चे पर राहत की खबर है। अप्रैल माह में थोक व खुदरा दोनों ही महंगाई दरों में नरमी का रुख रहा। अप्रैल माह की थोक महंगाई दर नरमी के साथ 3.85 फीसदी रही, जबकि गत मार्च महीने की थोक मुद्रास्फीति दर 5.29 फीसदी थी।
वहीं इस साल अप्रैल में खुदरा महंगाई दर नरमी के साथ 2.99 फीसदी के स्तर पर आ गई, जबकि इस साल मार्च में यह दर 3.89 फीसदी थी।
दाल, आलू, प्याज व अन्य सब्जियों की कीमतों में नरमी से खाने-पीने की चीजों में भी अप्रैल में राहत रही। अप्रैल महीने से सरकार ने दोनों ही महंगाई दरों को मापने के आधार वर्ष को बदल कर 2011-12 कर दिया है। पहले यह आधार वर्ष 2004-05 था।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल माह में खाद्य वस्तुओं की थोक महंगाई दर 1.16 फीसदी रही। मार्च में यह दर 3.82 फीसदी थी। वहीं अप्रैल में खाद्य वस्तुओं की खुदरा महंगाई दर 0.61 फीसदी के स्तर पर आ गई, जबकि इस साल मार्च में यह दर 2.01 फीसदी थी।