जो प्याज 15 दिन पहले तक 60 रुपये किलो मिल रही थी, वह 40 पर आ गई है। आलू के दाम 30 रुपये प्रति किलो से 20 हो गए हैं। सब्जियों में राहत मिली है लेकिन फलों के नखरे बने हुए हैं। सेब अभी भी 80 रुपये प्रति किलो है, केला भी 30 से नीचे नहीं आ रहा है।
लॉयर्स कॉलोनी, जयपुर हाउस में प्याज अभी भी 50 रुपये किलो है लेकिन महर्षिपुरम, केआर नगर, केके नगर, कमला नगर में रेट 40 रुपये किलो हैं। सिकंदरा सब्जी मंडी के आढ़ती राजकुमार ने बताया कि कुछ सब्जी विक्रेता पांच-दस दिन की प्याज और आलू स्टॉक में रखते हैं। उन्होंने रेट कम नहीं किए हैं। अन्य जगह हो गए हैं।
टमाटर 20 से 30 रुपये किलो है। यह एक महीने पहले तक 40 पर था। फूल गोभी 20 रुपये किलो और पत्ता गोभी 30 रुपये किलो हो गई है। इनकेरेट पांच रुपये किलो तक गिरे हैं। बैंगन 30 ही बना हुआ है। लौकी, तोरी, भिंडी के दाम भी नहीं बदले हैं। फलों में पपीता 35 से 40 रुपये किलो है। अमरूद की इन दिनों बहार है। अलग-अलग वैरायटी का 30 से 60 रुपये किलो तक हैं।