तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। मंगलवार को एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 23 पैसे और डीजल की कीमतों में 29 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। अब राजधानी में पेट्रोल की कीमत 82.26 रुपये और डीजल की कीमत 74.11 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
वहीं, मुंबई में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा देखने को मिला है। मुंबई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमश: 23 पैसे और 31 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। यहां पेट्रोल की कीमत अब 87.73 रुपये और डीजल की कीमत 77.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
इसके अलावा कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 84.09 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल के दाम 75.96 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। चेन्नई में भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़कर 85.50 रुपये और 78.35 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।
बता दें कि 4 अक्टूबर को वित्त मंत्री अरुण जेटली ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 2.50 रुपये प्रति लीटर की कटौती की घोषणा की थी, लेकिन अब एक बार फिर तेल के दाम बढ़ने शुरू हो गए हैं। दरअसल, हर रोज तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का कारण है, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में बढ़ोतरी।
शनिवार को वित्त मंत्री जेटली ने भी तेल की बढ़ती कीमतों के पीछे मौजूद अंतरराष्ट्रीय कारणों का जिक्र करते हुए कहा था कि तेल उत्पादक देशों ने अपने उत्पादन को सीमित कर दिया है और इसलिए मांग और आपूर्ति (डिमांड एवं सप्लाई) में अंतर पैदा हो गया है, जिससे तेल के दाम बढ़ रहे हैं।