पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती की गई है। पेट्रोल के दामों में 1.12 रुपए प्रति लीटर की दर से कमीं आई है, तो डीजल के दामों में 1.24 रुपए प्रति लीटर की कमीं आई है। पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती गुरुवार रात से ही लागू हो गई।
Petrol price cut by Rs 1.12 per litre, diesel by Rs 1.24 per litre with effect from June 16.
— Press Trust of India (@PTI_News) June 15, 2017
इसके साथ ही, शुक्रवार से जब आप सुबह छह बजे देश के किसी भी पेट्रोल पंप पर डीजल या पेट्रोल लेने जाएंगे तो आपको हर रोज बदली-बदली कीमत मिलेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि 16 जून से देश के सभी पेट्रोल पंपों पर दैनिक आधार पर कीमतों में बदलाव होगा। केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि कीमत निर्धारण की इस नई प्रणाली से किसी को घाटा नहीं होगा बल्कि सभी को फायदा होगा।
पेट्रोल-डीजल के दाम तय करने की नई प्रणाली लागू करने के बारे में अमर उजाला से बातचीत में प्रधान ने कहा कि इससे कीमत निर्धारण प्रक्रिया में ज्यादा पारदर्शिता आएगी। अभी तक एक पखवाड़े में कीमतों में परिवर्तन होता था। इस दौरान यदि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी हो गई तो उसका लाभ ग्राहकों को तत्काल नहीं मिल पाता था। लेकिन नई प्रणाली में उसका लाभ ग्राहकों को तत्काल मिलेगा।
यही नहीं, पुरानी प्रणाली में यदि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत बढ़ गई है तो भी तेल विपणन कंपनियों को सस्ते में पेट्रोल डीजल बेचना होता था। इससे तेल कंपनियों को नुकसान होता था। अब इन सबसे निजात मिल जाएगी।