पेट्रोल,डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच आपको अगले महीने एक और बड़ा झटका मिलने वाला है। इस बार यह झटका रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से मिलेगा। ऑर्थिक मामलों के एक्सपर्ट के अनुसार, आरबीआई रेपो रेट में बढ़ोतरी कर सकता है, जिससे आपके लोन की ईएमआई काफी बढ़ जाएगी।
4 जून से शुरू होगी बैठक
आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक अगले महीने 4 जून से शुरू होगी। तीन दिन चलने वाली इस बैठक की समाप्ति 6 जून को होगी। इसी दिन कमेटी नए रेपो रेट की घोषणा करेगी। इस कमेटी में आरबीआई के गवर्नर उर्जित पटेल समेत छह लोग हैं।
25 बेसिस प्वाइंट की हो सकती है बढ़ोतरी
कच्चे तेल और महंगाई दर बढ़ने के कारण आरबीआई रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी कर सकता है। अगर आरबीआई रेपो रेट में बदलाव नहीं भी करता है, तो भी बैंक अपनी तरफ से ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकते हैं। इससे लोगों को ज्यादा ब्याज देना पड़ेगा।
इन पर पड़ेगा असर
होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन, एजूकेशन लोन, टू-व्हीलर लोन सहित अन्य सभी प्रकार के लोन की ईएमआई बढ़ जाएगी। पेट्रोल-डीजल के दामों में यही रफ्तार बनी रही तो फिर आरबीआई कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। अगर अगस्त में भी यही हाल रहा तो फिर आरबीआई ब्याज दरों में 50 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी कर देगा, जिससे लोगों की जेब पर काफी असर पड़ने की संभावना है।