छोटे कारोबारियों की तरह सुविधा
एक रिपोर्ट के अनुसार सरकारी बैंकों के चेयरमैन, एमडी और सीईओ के साथ बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को रिटेल ग्राहकों को भी इतने कम समय में लोन अप्रूव करने के लिए योजना को शुरू करने का प्रस्ताव मिला है। वित्त मंत्रालय इस प्रस्ताव पर गौर कर रहा है। इस बैठक में वित्त सचिव राजीव कुमार भी मौजूद थे। फिलहाल इस तरह की सुविधा केवल छोटे कारोबारियों को मिलती है, जो
psbloansin59minutes.com से आसानी से एक से पांच करोड़ रुपये तक का लोन लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कार, घर खरीदने के लिए लोन
बैंकों ने प्रस्ताव दिया कि इस तरह का एक पोर्टल रिटेल ग्राहकों के लिए भी शुरू किया जाए, जिससे उनको आसानी से घर, कार, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन खरीदने के लिए लोन मिल सके। ऐसा करने से अर्थव्यवस्था को रफ्तार मिलेगी और मांग बढ़ने से कई सेक्टर जैसे कि ऑटो, रियल इस्टेट और इलेक्ट्रोनिक्स को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
बैंकों ने बढ़ाई लोन की सीमा
फिलहाल सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को लोन इन 59 मिनट योजना के तहत अब पांच करोड़ रुपये तक का कर्ज मिल रहा है। एसबीआई सहित पांच सरकारी बैंकों ने कर्ज की सीमा को बढ़ा दिया है। मोदी सरकार ने नवंबर 2018 में एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए योजना की शुरुआत की थी।
सबसे कम ब्याज दर पर होम लोन दे रहा एसबीआई
एसबीआई हाल में अपना एमसीएलआर 0.15% घटाया था। बैंक अप्रैल 2019 से इसमें 0.35% की कटौती कर चुका है। एमसीएलआर वह दर होती है जिससे कम पर बैंक ग्राहकों को कर्ज की पेशकश नहीं कर सकते हैं। एसबीआई होम लोन पर सबसे कम 8.05% की ब्याज दर की पेशकश कर रहा है। बैंक की ब्याज दर रेपो रेट से लिंक है। यह दर 1 सितंबर से लागू होगी।
8.70 फीसदी दर पर कार लोन
एसबीआई ने कार लोन पर प्रोसेसिंग फीस माफ कर दी है। यानी बैंक कार लोन पर प्रोसेसिंग फीस नहीं वसूलेगा। बैंक ग्राहकों को न्यूनतम 8.70% की दर पर कार लोन की पेशकश कर रहा है। ब्याज दरों में इजाफा होने पर भी एसबीआई के कार लोन की ब्याज दर में बढ़ोतरी नहीं होगी। कार लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले ग्राहकों को बैंक ब्याज दर में 0.25% की छूट देगा।
10.75 फीसदी दर पर पर्सनल लोन
एसबीआई 20 लाख रुपए तक का पर्सनल लोन 10.75% की ब्याज दर से दे रहा है। इसे अधिकतम 6 साल की अवधि में चुकाया जा सकेगा। इससे ग्राहकों पर मासिक किस्त (एमआईआई) का बोझ कम होगा। सैलरी अकाउंट वाले ग्राहकों को पांच लाख रुपए तक का प्री-अप्रूव्ड डिजिटल लोन बैंक के योनो प्लेटफॉर्म पर चार क्लिक में मिल जाएगा। पहले यह प्रक्रिया आमतौर पर लंबी हुआ करती थी।
ओबीसी ने रेपो रेट से जोड़ा होम-ऑटो लोन का ब्याज
सरकारी स्वामित्व वाले ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (ओबीसी) के ग्राहक अब रेपो रेट पर आधारित ब्याज दर पर होम और ऑटो लोन हासिल कर सकते हैं। बैंक की ओर से मंगलवार को यह जानकारी दी गई। होम लोन 8.35 प्रतिशत से जबकि ऑटो लोन 8.70 प्रतिशत से शुरू हो रहे हैं। बैंक द्वारा जारी सूचना के मुताबिक ग्राहकों के पास एमसीएलआर से जुड़े दर एवं रेपो आधारित दर में से एक विकल्प को चुनना होगा।
इन बैंकों ने बढ़ाई कर्ज की राशि
पीएसबी लोन इन 59 मिनट योजना के तहत एमएसएमई को एक करोड़ का कर्ज उपलब्ध कराने की सुविधा दी गई थी। कारोबारियों के आवेदन को एक घंटे के भीतर स्वीकार करते हुए लोन पास कर दिया जाता है और आठ कारोबारी दिवस में कर्ज की राशि आवेदनकर्ता के खाते में आ जाती है।
योजना का दायरा बढ़ाने के लिए एसबीआई, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, कॉरपोरेशन बैंक और आंध्र बैंक ने करार किया है। लोन इन 59 मिनट पोर्टल पर इन बैंकों का चुनाव करने वाले कारोबारियों को अब योजना के तहत पांच करोड़ की राशि का लोन एक घंटे में पास हो जाएगा। इस तरह के कर्ज पर ब्याज की शुरुआत 8.5 फीसदी से होती है।
अब तक हजारों को हुआ लाभ
योजना की शुरुआत के महज पांच महीने में ही 50 हजार से ज्यादा लोन को इस पोर्टल से स्वीकृति मिल चुकी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2019 तक लोन इन 59 मिनट पोर्टल पर 50,706 आवेदनों को सैद्धांतिक मंजूरी दी जा चुकी है। इसमें से 27,893 आवेदनकर्ताओें को कर्ज की राशि का भुगतान भी हो चुका है।
छोटे कारोबारियों को मिलेगी मदद
एसबीआई के सीजीएम (एमएसएमई) देवी शंकर मिश्रा ने बताया कि हमारे इस कदम से उद्योगों को लोन मिलने में पारदर्शिता आएगी और छोटे कारोबारियों को विस्तार करने में मदद मिलेगी।