मैं अपनी पत्नी के साथ दिसंबर में कनाडा जाना चाहता हूं। मेरी पत्नी इस वक्त गर्भवती हैं। मैं जानना चाहता हूं कि क्या बाजार में कोई ऐसी ट्रेवल इंश्योरेंस पॉलिसी उपलब्ध है, जो प्रेग्नेंसी को कवर करती है?
जवाब- जहां तक हमारी जानकारी है, आपको बाजार में फिलहाल ऐसी कोई इंश्योरेंस पॉलिसी नहीं मिल पाएगी, जो कि विदेश में प्रेग्नेंसी को कवर करे। ट्रेवल इंश्योरेंस के तहत केवल कोई दुर्घटना या बीमारी होने की स्थिति में ही हॉपिटलाइजेशन के खर्च का वहन किया जाता है।
सवाल- मैं अपनी बेटी के लिए सालाना 80 हजार रुपये तक के प्रीमियम वाली एलआईसी की कोमल जीवन पॉलिसी लेना चाहता हूं। यह पॉलिसी कैसी है? क्या एक साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बाजार में कोई और भी अच्छी पॉलिसी मौजूद है। मैं सालाना एक लाख रुपये तक निवेश कर सकता हूं।
जवाब- एलआईसी कोमल जीवन एक चिल्ड्रेन मनी बैक प्लान है। यह एक परंपरागत बीमा प्लान है, जिसमें न तो लचीलापन है और न ही लंबे समय में यह आपको अच्छा रिटर्न देता है। इसके तहत मिलने वाला रिटर्न हमारी समझ में तेजी से बढ़ती महंगाई के आगे नाकाफी ठहरने वाला है। आपको एक सामान्य सा नियम यह समझ लेना चाहिए कि निवेश और इंश्योरेंस दो अलग-अलग किस्म की चीजें हैं। इसलिए इन्हें एक में मिलाने के बजाय अलग ही रखना चाहिए। दूसरा नियम यह है कि अगर आप बीमा करा रहे हैं, तो आपको कम से कम अपनी सालाना आमदनी का 12 गुना इंश्योरेंस कवर लेना चाहिए। इसलिए हमारी सलाह है कि यदि आपके शहर में उपलब्ध हो, तो आपको पहले एक ऑनलाइन टर्म बीमा पॉलिसी ले लेनी चाहिए, क्योंकि यह अपेक्षाकृत काफी सस्ती बैठती है। टर्म बीमा पॉलिसी लेने के बाद बचने वाली रकम को सम्मिलित रूप से पीपीएफ और लांग टर्म इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश किया जा सकता है। म्यूचुअल फंड में यह निवेश एसआईपी के जरिये किया जा सकता है। इसके लिए हम फ्रैंकलिन इंडिया ब्लूचिप फंड और डीएसपी ब्लैकरॉक टॉप 100 इक्विटी फंड का नाम सुझाना चाहेंगे।
सवाल- मैंने 2005 में अपनी कॉस्मेटिक सर्जरी कराई थी और हाल ही में मैंने अपने लिए एक करोड़ रुपये की एक टर्म बीमा पॉलिसी खरीदी है। बीमा कंपनी मुझसे अपनी सर्जरी के कागजात मांग रही है, जोकि मेरे पास नहीं हैं। कंपनी इसके बिना पॉलिसी जारी नहीं कर रही है। ऐसे में मुझे क्या करना चाहिए।
जवाब- आपने बीमा कंपनी को अपनी कॉस्मेटिक सर्जरी के बारे में जानकारी देकर एक अच्छा काम किया है। चूंकि कंपनी ने आपकी सर्जरी को लेकर सवाल उठाए हैं और इससे संबंधित कागजात मांगे हैं, तो आपको यह कागज कंपनी को उपलब्ध करा देने चाहिए। जैसा कि आपने बताया कि आपके पास यह कागजात मौजूद नहीं हैं, तो ऐसे में आप उस अस्पताल को इस बारे में पत्र लिख कर कि आपको इंश्योरेंस कंपनी को देने के लिए अपनी सर्जरी के कागजात की आवश्यकता है, डुप्लीकेट कागजात उपलब्ध कराने का अनुरोध कर सकते हैं। अस्पताल से कागजात मिलने के बाद आप इन्हें बीमा कंपनी को उपलब्ध करा सकते हैं। इसके अलावा आप बीमा कंपनी से लिखित में यह भी कह सकते हैं कि कंपनी अगर जरूरत समझे, तो आप मेडिकल टेस्ट कराने के लिए भी राजी हैं। इतना करने के बाद हमारी समझ में, कंपनी आपको जारी कर देगी।
सवाल- मेरी उम्र 32 वर्ष है। मैं अपने लिए एक करोड़ रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी लेना चाहता हूं। मैं एरगॉन रेलिगेयर पॉलिसी लेने के बारे में सोच रहा हूं। मैं जानना चाहता हूं कि क्या बाजार में इस समय एरगॉन रेलिगेयर से बेहतर कोई ऐसा प्लान उपलब्ध है, जिसे लिया जा सके। मुझे कितनी अवधि का प्लान लेना चाहिए, एरगॉन रेलीगेयर की पॉलिसी 75 साल की उम्र तक कवर उपलब्ध करा रही है।
सवाल- आपने ऑनलाइन टर्म बीमा पॉलिसी लेने का निर्णय लिया है, जोकि एक अच्छा फैसला है। इसके अलावा आपने इस बारे में अपने स्तर से कुछ खोज-परख भी की है, यह भी बहुत अच्छी बात है। हमारी समझ में रिटायरमेंट की उम्र तक का बीमा कवर लेना पर्याप्त रहता है। इसलिए जरूरी नहीं कि आप वही बीमा पॉलिसी खरीदें, जो सबसे ज्यादा उम्र तक बीमा कवर उपलब्ध कराती हो, क्योंकि ऐसी पॉलिसी आपको महंगी पड़ सकती है। रेलीगेयर की पॉलिसी में भले ही 72 वर्ष की उम्र तक कवर की बात भले ही हो, पर अधिकतम टर्म 40 वर्ष ही है। 28 साल की अवधि वाली पॉलिसी का प्रीमियम 9,213 रुपये होता है, जबकि 40 साल के टर्म वाली पॉलिसी का प्रीमियम 9,663 रुपये बैठता है। इस तरह दोनों के प्रीमियम में महज 450 रुपये का अंतर है। प्रीमियम में इस छोटे अंतर को देखते हुए यही उचित लगता है कि कुछ अधिक प्रीमियम देकर 72 वर्ष की उम्र तक का कवर प्राप्त कर लिया जाए। इसके अलावा हमारी सलाह है कि पॉलिसी खरीदते वक्त प्रपोजल फार्म में बीमा कंपनी को अपनी आमदनी, हेल्थ स्टेटस और मौजूदा बीमा पॉलिसियों के बारे में पूरी जानकारी दे दी जाए।
सवाल- मेरी उम्र 29 साल और सालाना आमदनी 5 लाख रुपये है। मैं 30 लाख रुपये की टर्म बीमा पॉलिसी लेने की सोच रहा हूं। यह मेरे लिए कैसी रहेगी।
जवाब- बीमे के बारे में मोटे तौर पर यह नियम है कि अपनी सालाना आमदनी के 10 से 12 गुने तक की बीमा पॉलिसी लेनी चाहिए। इसलिए आपकी वार्षिक आय के मुताबिक हमारी समझ में आपको कम से कम 60 लाख रुपये का बीमा कराना चाहिए। हम आपके ऑनलाइन टर्म प्लान लेने की सलाह देना चाहेंगे, क्योंकि यह ऑफलाइन टर्म प्लान की अपेक्षा सस्ती बैठता है।