भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) आपको 30,000 रुपये जीतने का मौका दे रहा है। इसके लिए आपको इरडा को तीन बीमा पॉलिसी के नाम सुझाने होंगे। अगर आपके द्वारा दिए गए नाम उपयुक्त होते हैं और वे मंजूर किए जाते हैं, तो आपको इनाम के रूप में 10-10 हजार रुपये मिलेंगे।
इरडा ने कहा कि ये नाम ऐसे होने चाहिए, जिनसे पता चल जाए कि संबंधित नाम वाले उत्पाद किस वर्ग के लिए हैं। इरडा ने 'मानक अग्नि-कांड व विशेष आपदा' श्रेणी में आवास तथा छोटे व्यवसायों पर केंद्रित मानक उत्पादों के नामकरण के सुझाव आमंत्रित किए हैं।
इन बातों का रखना होगा ध्यान
इस संदर्भ में इरडा ने कहा है कि नाम ऐसे होने चाहिए जिनसे संबंधित उत्पादों का प्रायोजन पूरी तरह से स्पष्ट हो जाए। संबंधित उत्पाद का प्रायोजन आवासीय इकाइयों और छोटे व्यवसायों को बाढ़ आदि विनाशकारी घटनाओं के समय बीमा-सुरक्षा प्रदान करना है। उसने कहा, 'नाम सुझाते समय यह ध्यान में रखा जाए कि वे प्रासंगिक हों, सरल हों, आसानी से याद हो जाने लायक हों और देश भर में इस्तेमाल किए जा सकते हों।'
इन उत्पादों के लिए सुझाने हैं नाम
जिन तीन बीमा उत्पादों के लिए इरडा ने नामों के सुझाव मांगे हैं, उनमें किसी भी राशि तक का आवास बीमा, किसी एक स्थान पर स्थित सूक्ष्म व्यावसायिक परिसरों के लिए पांच करोड़ रुपये तक का बीमा और छोटे व्यावसायिक परिसरों के लिए बीमा शामिल है।
10 जुलाई तक का समय
प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टियां 10 जुलाई तक इरडा को भेजनी हैं। नियामक ने पिछले सप्ताह कोरोना वायरस महामारी के उपचार से संबंधित बीमा उत्पाद को 'कोरोना कवच पॉलिसी' नाम दिया है। इस बीच, इरडा ने कोविड-19 से संबंधित फिशिंग हमले (साइबर हमले में डाटा की चोरी) के बारे में एक परामर्श जारी किया है। उसने कहा, 'सभी बीमा कंपनियों और विनियमित संस्थाओं को सलाह दी जाती है कि वे अपने कर्मचारियों को सतर्क करें। वे उन्हें बतायें कि ऐसी किसी भी दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों को रोकने के लिये अत्यधिक सावधानी बरती जाए।'