केंद्रीय कर्मचारियों के लिए राहत वाली खबर है। जनवरी-2016 से उनके महंगाई भत्ते (डीए) में छह फीसदी की बढ़ोतरी के आसार हैं। विशेषज्ञों ने उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर गणना करते हुए यह आंकलन किया है।
हालांकि सरकार की ओर से डीए बढ़ोतरी की अलग से घोषणा मुश्किल नजर आ रही है क्योंकि सातवें वेतन आयोग के तहत संभावित बढ़ोतरी के आधार पर ही वेतन का निर्धारण किया गया है और अप्रैल से केंद्रीय कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ मिल सकता है। ऐसे में डीए का भुगतान नए वेतन के साथ होने की उम्मीद है।
कर्मचारियों को वर्तमान में 119 फीसदी डीए मिल रहा है। अगर इसमें छह फीसदी की बढ़ोतरी होती है तो कुल डीए बढ़कर 125 फीसदी तक पहुंच जाएगा।
विशेषज्ञों ने नवंबर के महीने तक जारी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर दावा किया है कि केंद्र सरकार के तकरीबन एक करोड़ कर्मचारियों और पेंशनरों को जनवरी-2016 से छह फीसदी डीए वृद्धि का लाभ मिलने के पूरे आसार हैं।