बैंक ने अपने पेंशन खाताधारकों को सूचित करते हुए कहा है कि उन्हें 30 नवंबर से पहले अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा करना होगा, अन्यथा उनका पेंशन खाता बंद कर दिया जाएगा। जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं कर पाने की सूरत में उनके खाते में पेंशन का पैसा जमा नहीं होगा।
बैंक ने कहा है कि पेंशन खाताधारक अपने जीवन प्रमाणपत्र को दो तरह से जमा करवा सकते हैं। पहला तरीका है बैंक की शाखा में जाकर इसको जमा कराने का और दूसरा नेटबैंकिंग के जरिए ऑनलाइन अपलोड करने का। प्रत्येक पेंशनधारक के लिए बैंक के लिए अपना जीवन प्रमाण जमा करना जरूरी होता है। इसके बाद उनके खाते में साल भर पेंशन का पैसा जमा होता रहता है।
अब कोई भी पेंशन धारक आसानी से घर बैठे अपना जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकता है। केंद्र सरकार ने आधार नंबर के जरिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए एक वेबसाइट को शुरू किया है। jeevanpramaan.gov.in के जरिए ऐसा किया जा सकता है।
बंद होगा एसबीआई का Buddy ऐप
1 दिसंबर से एसबीआई अपने मोबाइल वॉलेट बडडी ऐप को पूरी तरह से बंद कर देगा। इसलिए अगर आपने इस ऐप में कोई धनराशि छोड़ी हुई है तो फिर उसे तुरंत निकाल लें। बैंक ने अब अपना योनो ऐप लांच कर दिया है। इस ऐप में ही लोगों को अब वॉलेट की सुविधा दी जा रही है।
पेंशनभोगियों को लोन
अगर आप SBI की किसी भी शाखा से पेंशन प्राप्त करते हैं और इस पर लोन लेना चाहते हैं, तो फिर जल्दी करें। बैंक ने फेस्टिव सीजन की शुरुआत में ही इस स्कीम को शुरू किया था। इस स्कीम के तहत लोन लेने वाले पेंशन भोगियो को किसी तरह की प्रोसेसिंस फीस नहीं देनी पड़ेगी। हालांकि यह स्कीम भी 30 नवंबर को समाप्त हो जाएगी। यह लोन 76 साल से कम उम्र वाले केंद्रीय, राजकीय और सेना से रिटायर होने वाले लोगों को दिया जाएगा।