देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने फेस्टिव सीजन की शुरुआत करते हुए ग्राहकों को घर और वाहन के लिए सस्ते ब्याज पर कर्ज देने की घोषणा की है। बैंक ने बयान में कहा कि ग्राहक सस्ते कर्ज के साथ अन्य लाभ भी उठा सकते हैं। इनमें कर्ज पर प्रोसेसिंग फीस में छूट, पूर्व अनुमोदित डिजिटल कर्ज और विभिन्न श्रेणी के कर्ज में ब्याज दर में इजाफा नहीं करना शामिल हैं। हालांकि, बैंक ने ऑफर की वैधता के बारे में नहीं बताया है।
स्टेट बैंक ने त्योहारी मौसम में कार के लिए लोन लेने पर प्रोसेसिंग फीस को हटा लिया है। बैंक 8.70 फीसदी की शुरुआती ब्याज दर पर कर्ज दे रहा है। साथ ही ब्याज में वृद्धि भी नहीं की जाएगी। इससे ग्राहकों को ब्याज दर में उतार-चढ़ाव का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बैंक की वेबसाइट या मोबाइल एप योनो के जरिए कार लोन के लिए आवेदन करने वाले ग्राहक को ब्याज दर में 0.25 फीसदी की छूट दी जाएगी। वेतनभोगी ग्राहक कार की सड़क पर कीमत (ऑन रोड कीमत) का 90 प्रतिशत तक लोन ले सकते हैं।
हाल ही में एसबीआई ने एमसीएलआर में 0.15 फीसदी की कटौती की है। जिसके चलते अप्रैल 2019 से अब तक उसके होम लोन की ब्याज दरों में 0.35 फीसदी की कमी हो चुकी है। एसबीआई ने कहा कि बैंक ने रेपो दर आधारित लोन के रूप में 8.05 फीसदी की ब्याज दर से सबसे सस्ते होम लोन की पेशकश की है। यह दर एक सितंबर से सभी मौजूदा और नए लोन पर लागू होगी।