यदि आप अपनी बचत पर अधिक ब्याज कमाना चाहते हैं, तो फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) योजनाओं में निवेश एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट करना सबसे आसान और सुरक्षित निवेश विकल्प माना जाता है। इसमें निवेशक को तय अंतराल पर निश्चित रिटर्न मिलना तय होता है, साथ ही बाजार के उतार-चढ़ाव का भी इस पर कोई असर नहीं पड़ता। पंजाब नेशनल बैंक ने एक महीने में दो बार एफडी पर मिलने वाले ब्याज में बदलाव किया है। वरिष्ठ नागरिकों को आम नागरिकों के मुकाबले 50 बेसिस प्वाइंट्स ज्यादा रिटर्न मिलेगा। नई दरें एक अक्तूबर से लागू हो गईं हैं।
दो करोड़ से कम की एफडी पर आम नागरिकों को इतना मिलेगा ब्याज
- सात से 14 दिन की एफडी पर, 15 से 29 दिन की एफडी पर और 30 से 45 दिन की एफडी पर ग्राहकों को 4.50 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- 46 से 90 दिन की एफडी पर और 91 से 179 दिन की एफडी पर ग्राहकों को 5.50 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- 180 से 270 दिन की एफडी पर और 271 से एक साल की एफडी पर ग्राहकों को छह फीसदी ब्याज मिलेगा।
- 333 दिन की एफडी पर ग्राहकों को 6.10 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- एक साल की एफडी पर, 444 दिन की एफडी पर और 555 दिन की एफडी पर ग्राहकों को 6.50 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- एक साल से दो साल की एफडी पर ग्राहकों को 6.40 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- दो साल से तीन साल की एफडी पर और तीन साल से पांच साल तक की एफडी पर ग्राहकों को 6.25 फीसदी ब्याज मिलेगा।
- पांच साल से 10 साल की एफडी पर ग्राहकों को 6.50 फीसदी ब्याज मिलेगा।
मैच्योरिटी पीरियड से पहले तुड़वा सकते हैं एफडी
बैंक एफडी की मैच्योरिटी पीरियड से पहले उसे तुड़वाने या पैसे निकालने की भी सुविधा देते हैं। जरूरत पर धारक अपनी एफडी तुड़वा सकते हैं। हालांकि इसके लिए बैंक प्री-मैच्योरिटी चार्ज भी वसूलते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों को ज्यादा लाभ
सभी बैंक एफडी में वरिष्ठ नागरिकों को खास सुविधा देते हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज दर सामान्य से ज्यादा होती है। अधिकतर बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 0.50 फीसदी अधिक ब्याज देते हैं।