अब आपको डेबिट कार्ड के जरिए किसी भी तरह की खरीदारी करने पर पिन (पर्सनल आइडेंटिटीफिकेशन नंबर) बताना जरूरी होगा।
देश के प्रमुख बैंक ऐसा करना अनिवार्य करने जा रहे हैं। ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स (ओबीसी) ने इसकी शुरुआत भी कर दी है। बैंकों के इस कदम से आपके डेबिट कार्ड का कोई गलत इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।
मौजूदा प्रणाली के तहत आप जब पीओएस मशीन के जरिए अपने डेबिट कार्ड से कोई खरीदारी करते हैं, तो दुकानदार उसे स्वैप करके खर्च की राशि को काट लेता है।
ऐसे में इस बात का हमेशा खतरा बना रहता है कि यदि आपका डेबिट कार्ड खो गया या उसका कोई बिना आपकी जानकारी के इस्तेमाल करता है, तो वह उसके जरिए खरीदारी कर आपको चपत लगा सकता है। इसी खतरे को कम करने के लिए बैंकों ने कार्ड स्वैप करने के बाद चार अंकों वाला पिन भी मशीन में डालना अनिवार्य करने की तैयारी कर ली है।
ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स ने तो इसकी शुरुआत भी कर दी है। बैंक ने 15 मार्च से डेबिट कार्ड के जरिए पीओएस मशीन से की गई खरीदारी पर चार अंकों का पिन डालना अनिवार्य कर दिया है। अब खरीदारी के बाद जब कार्ड स्वैप हो जाए, तब ग्राहक को खुद मशीन में उसी तरह से अपना पिन डालना होगा जैसे कि वह एटीएम में करता है।
सूत्रों के अनुसार देश के दूसरे प्रमुख बैंक भी पिन को देने की अनिवार्यता जल्द लागू करने जा रहे हैं। जिसका फायदा सुरक्षित लेन-देन के रूप में ग्राहकों को मिलने वाला है। बैंक अब खाता खुलने पर एटीएम कम डेबिट कार्ड के रूप में ही नया कार्ड जारी कर रहे हैं। जो कि नई प्रणाली के तहत भी सुरक्षित हो सकेंगे।
इसके पहले भारतीय रिजर्व बैंक ने भी सभी बैंकों को निर्देश दिया हुआ है कि वह 30 जून तक डेबिट कार्ड के जरिए खरीदारी पर पिन की अनिवार्यता के संबंध में जरूरी तैयारियां कर लें, जिससे एक जुलाई से यह सभी बैंकों द्वारा लागू किया जा सके।