डाकघर की लघु बचत योजनाओं और पीपीएफ पर अब आपको कम ब्याज मिलेगा। सरकार ने लोक भविष्य निधि (पीपीएफ) और राष्ट्रीय बचत पत्र समेत कई बचत योजनाओं की ब्याज दरों में 0.1 फीसदी की कटौती कर दी है।
वित्त मंत्रालय ने यह फैसला लघु बचत योजनाओं के ब्याज को बाजार से जोड़ने की नीति के तहत लिया है। नई दरें आगामी एक अप्रैल से लागू होंगी।
लोक भविष्य निधि (पीपीएफ) की ब्याज दर 8.8 फीसदी से घटाकर 8.7 फीसदी कर दी गई है। पांच और दस साल के राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी) पर भी अब क्रमश: 8.5 और 8.8 फीसदी ब्याज मिलेगा।
डाकघरों की दो, तीन, चार और पांच साल की सावधि जमा योजनाओं की ब्याज दरों में भी इसी तरह 0.1 फीसदी की कमी की गई है। वरिष्ठ नागरिकों की बचत योजनाओं की ब्याज दर भी मौजूदा 9.3 से घटाकर 9.2 फीसदी रहेगी।
पांच साल के आवर्ती जमा खाते (आरडी) पर भी अब 8.4 फीसदी के बजाय 8.3 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा। डाकघर के बचत खाते और एक साल तक की सावधि जमाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन पर क्रमश: 4 और 8.2 फीसदी ब्याज मिलता रहेगा।
वित्त मंत्रालय ने लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कटौती का यह फैसला श्यामला गोपीनाथ समिति की सिफारिशों के आधार पर किया है।
लघु जमा योजनाओं पर ब्याज दरें
योजना ------- वर्तमान ब्याज दर ------- 1 अप्रैल 2013 से प्रभावी दर
पीपीएफ ---------- 8.8 ---------- 8.7
5 साल का एनएससी ---------- 8.6 ---------- 8.5
10 साल का एनएससी ---------- 8.9 ---------- 8.8
5 साल का एमआईएस ---------- 8.5 ---------- 8.4
5 साल का एससीएसएस ---------- 9.3 ---------- 9.2
बचत खाता जमा ---------- 4 ---------- 4
1 साल की सावधि जमा ---------- 8.2 ---------- 8.2
2 साल की सावधि जमा ---------- 8.3 ---------- 8.2
3 साल की सावधि जमा ---------- 8.4 ---------- 8.3
5 साल की सावधि जमा ---------- 8.5 ---------- 8.4
5 साल की आवर्ती जमा ---------- 8.4 ---------- 8.3
(ब्याज दरें फीसदी में)