अब आप अपने करीबी दोस्त या फिर रिश्तेदार के लिए भी बीमा पॉलिसी खरीद सकेंगे। बीमा नियामक प्राधिकरण इरडा ने ऐसी पॉलिसी लाने के लिए बीमा कंपनियों को अपनी मंजूरी दे दी है। इरडा ने इसको फ्रेंड एश्योरेंस का नाम दिया है। इस पॉलिसी को लेने वाले समूह को छूट भी मिलेगी।
फिलहाल ले सकेंगे स्वास्थ्य बीमा
इरडा ने फिलहाल कंपनियों को स्वास्थ्य बीमा लाने की मंजूरी दे दी है। इरडा ने रेलिगेयर हेल्थ इंश्योरेंस, मैक्स बूपा हेल्थ इंश्योरेंस और कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस को सैंडबॉक्स के तहत ऐसा करने की मंजूरी दे दी है। यह कंपनियां आगामी एक फरवरी से इस योजना को पायलट बेसिस पर अगले छह महीने के लिए लागू कर सकेंगी।
यह है इस पॉलिसी का प्रारूप
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक जो भी व्यक्ति स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी लेता था, वो केवल अपने परिवार (माता-पिता, बीवी/पति और दो बच्चों) के लिए पॉलिसी ले पाता था। लेकिन अब वो ही व्यक्ति अपने दोस्तों या फिर रिश्तेदारों को भी इस फैमिली पॉलिसी में जोड़ सकेगा।
इन सबका पॉलिसी नंबर भी एक होगा। रिन्युएल के वक्त लोगों को प्रीमियम पर 15 फीसदी छूट मिलेगी, अगर किसी तरह का क्लेम नहीं लिया गया है। वहीं लोगों को पांच से एक करोड़ रुपये तक का कवर भी मिलेगा। हालांकि इसमें कम से कम पांच लोगों का होना जरूरी है। अधिकतम 30 लोगों को इस पॉलिसी से जोड़ सकते हैं।
एक पॉलिसी में शामिल लोगों को हेल्थ चेकअप और डॉक्टर के पास सलाह के लिए कितनी बार गए हैं, उस पर स्कोर भी मिलेगा।