भारत में इस साल अप्रैल से जून में सोने की मांग 2018 के मुकाबले बढ़ सकती है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट की मानें तो शादी के सीजन के चलते आने वाले समय में सोने की बिक्री और बढ़ेगी। साथ ही, सात मई को भी सोना ज्यादा बिकेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि सात मई को अक्षय तृतीया है। इसलिए अन्य दिनों की तुलना में सात मई को सोना ज्यादा बिकने की उम्मीद है।
ज्योतिष के ग्रह-नक्षत्रों की मानें तो अक्षय तृतीया को सोना खरीदने से व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन सोना घर पर लाने से सोने के रूप में माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु का आपके घर पर हमेशा के लिए निवास करने लगते है। इसके अलावा सोने की तुलना सूर्य से की जाती है। अक्षय तृतीया पर सूरज देवता सबसे तेज चमकते हैं। सोना खरीदना शक्ति और ताकत का प्रतीक माना गया है। सोने को हमेशा से बहुमूल्य धातु और धन- समृद्धि का प्रतीक समझा गया है। इसलिए अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना गया है।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक फिलहाल सोना चार महीने के न्यूनतम स्तर पर है। लेकिन आने वाले समय में बढ़ती मांग के चलते दुनियाभर में इसकी कीमत सुधरेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मांग में 20 फीसदी की बढ़ोतरी होती है तो सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम 1000 रुपये का इजाफा हो सकता है।