किसान बन कर करोड़ों की आमदनी दिखाने वाले लोगों की जल्द ही नींद उड़ने वाली है। आयकर विभाग ने ऐसे लोगों के बारे में विस्तृत छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल विभाग ने ऐसे 444 किसानों की पहचान की है, जिसके बारे में विस्तृत जानकारी जुटायी जाएगी। बाद में इस सूची का दायरा बढ़ भी सकता है।
केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड -सीबीडीटी- के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फील्ड आफिस को इस बारे में सिस्टम डाइरेक्टरेट से एक पत्र इसी महीने के पहले सप्ताह जारी कर दिया गया है। विभाग ने असेसमेंट वर्ष 2007-08 से 2015-16 के बीच खेती से करोड़ों रुपये की आमदनी दिखा कर जिन्होंने रिटर्न दाखिल किया है, उनमें से 444 लोगों को छांटा गया है। उनके बारे में विस्तृत जानकारी जुटायी जा रही है।
विभाग इस पक्ष को भी देखेगा कि कहीं गलती से तो कोई गलत इंट्री तो नहीं कर दिया गया है। यदि ऐसा है तो गलती सुधारी जाएगी। ये मामले दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, भोपाल, जयपुर, पुणे, गुवाहाटी, चेन्नई, हैदराबाद और मुंबई क्षेत्र के हैं। अधिकारी किन चीजों पर जांच फोकस करेंगे, इस सवाल पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसानों से खाद-बीज की खरीद से लेकर पैदावार व मंडी का रिकॉर्ड भी तलब किया जा सकता है।
किसान की जिस जगह जमीन है, उसके अगल-बगल खेत वाले किसानों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि पता चल सके कि उनकी कितनी आमदनी है और उस खेत में क्या बोया जाता है। बताया जाता है कि इस तथाकथित बड़े किसानों की सूची में बड़े कारोबारी, प्रभावी राजनेता और अफसर तक शामिल हैं। जांच के दौरान इन सभी का छह साल का रिकॉर्ड देखा जाएगा।