कोरोना महामारी के बीच रवि कौशल ने एक फार्मास्यूटिकल कंपनी में नौकरी से अपने करियर की शुरुआत की। एक निजी बैंक में खाता खोलने के साथ ही उन्हें डेबिट और क्रेडिट कार्ड मिल गया। अपनी आर्थिक स्वतंत्रता से वह खुश हैं, साथ ही, जानना चाहते हैं कि क्रेडिट और डेबिट कार्ड में से कौन बेहतर है।
जिस तरह दिन और रात या मीठे और नमकीन में कौन बेहतर है, यह बता पाना कठिन है, वैसे ही क्रेडिट और डेबिट कार्ड की तुलना करना मुश्किल है। दोनों के जिस तरह फायदे हैं, उसी तरह सीमाएं भी हैं। भविष्य में अपने वित्तीय लेन-देन में बेहतर विकल्प का उपयोग करते ही रवि को इस बारे में मालूम चल जाएगा। ये दोनों ही कार्ड दरअसल कैश के विकल्प और बहुत ही ताकतवर वित्तीय संसाधन हैं। क्रेडिट और डेबिट कार्ड में मूलभूत अंतर दरअसल इनमें से पैसे की निकासी है।
डेबिट और क्रेडिट कार्ड
डेबिट कार्ड बैंक द्वारा जारी किया जाता है और आपके खाते से जुड़ा होता है। यह बैंक खाता चालू या बचत कोई भी हो सकता है। डेबिट कार्ड प्लास्टिक बैंक बैलेंस की तरह है, जो आपको उतनी ही राशि खर्च करने की अनुमति देता है, जितनी राशि आपके खाते में है।
इसलिए जब आप इसे स्वाइप या इंसर्ट करते हैं, या भुगतान करने के लिए इस पर डले नंबर के आधार पर इस्तेमाल करते हैं या एटीएम से पैसे निकालते हैं, तो पैसा तुरंत आपके बैंक खाते से निकल जाता है। इसके विपरीत क्रेडिट कार्ड आपको क्रेडिट लिमिट देता है, जहां से आप जरूरत के समय भुगतान करने के लिए रुपये उधार ले सकते हैं।
याद रखें कि यह अंतरिम कर्ज है, जिसमें अलग-अलग कार्ड के अनुसार 42 से 45 दिन तक प्री फिक्स्ड फ्री क्रेडिट पीरियड रहता है। आपके क्रेडिट कार्ड की जितनी क्रेडिट लिमिट यानी कर्ज मिलने की सीमा है, आप उतनी ही राशि उधार ले सकते हैं।
क्रेडिट लिमिट आपके क्रेडिट स्कोर, आमदनी और दूसरी चीजों पर निर्भर है। अगर लिया गया कर्ज विलंब से चुकाया गया, तो बकाया राशि पर ब्याज लिया जाता है। क्रेडिट कार्ड पर आप रिवार्ड पॉइंट्स, कैश बैक, फिल्मों के टिकट पर डिस्काउंट, ऑनलाइन खरीद, ट्रेवल बुकिंग आदि हासिल कर सकते हैं।
कार्ड का स्मार्ट इस्तेमाल
दोनों ही तरह के कार्डों के इस्तेमाल के फायदे हैं, पर यह आपके अनुशासन पर भी निर्भर करता है। उदाहरण के लिए, बड़ी खरीदारी करते समय क्रेडिट कार्ड के फ्री क्रेडिट पीरियड का, खासकर क्रेडिट साइकिल की शुरुआत का लाभ उठाया जा सकता है, ताकि 42-45 दिन के फ्री क्रेडिट पीरियड का इस्तेमाल किया जा सके।
इसका लाभ यह है कि इससे इस दौरान बैंक में जमा आपके रुपये पर आपको कुछ ब्याज मिल जाता है। क्रेडिट कार्ड के दूसरे लाभ हैं मुफ्त बीमा, कार्ड धारकों को मिलने वाली छूट और विशेष सेवाएं आदि। क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल के शुल्क और फीस हैं।
हालांकि पैसे निकालने के लिए क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल के जोखिम हैं, क्योंकि इसमें जितनी धनराशि निकाली जाती है, उससे ज्यादा चुकाना पड़ता है। लेकिन क्रेडिट कार्ड में लॉयलिटी या रिवार्ड पॉइंट्स जैसे फायदे भी हैं। अगर आप लेट पेमेंट चार्ज दिए बगैर समय पर उधार चुका देते हैं, तो सालाना फी चुकाने की तुलना में ज्यादा आर्थिक लाभ हासिल कर सकते हैं।
रवि को दोनों ही कार्डों का अपनी सुविधा के अनुसार इस्तेमाल करते हुए यह याद रखना होगा कि क्रेडिट कार्ड लिमिट का मतलब यह नहीं कि इतनी धनराशि उसकी है, बल्कि यह एक कर्ज है, जिसे समय पर चुकाना पड़ता है। क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल का सबसे अच्छा तरीका कर्ज का भुगतान करने के लिए अपने बैंक खाता द्वारा ईसीएस (इलेक्ट्रॉनिक क्लीयरिंग सर्विस) का प्रयोग करना है।
इसका लाभ यह होगा कि जैसे ही रवि के क्रेडिट कार्ड का बिल बनेगा, उसके क्रेडिट कार्ड के खाते की धनराशि उसके बैंक खाते से कट जाएगी।