Small Savings Scheme New Interest Rates (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : pixabay
कोविड-19 महामारी की मार झेल रहे छोटे निवेशकों को सरकार ने बचत के मोर्चे पर राहत दी है। पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि और डाकघर योजनाओं की ब्याज दरों में कटौती नहीं हुई है। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया। छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों को तिमाही आधार पर संशोधित किया जाता है। इस संदर्भ में सरकार ने कहा कि विभिन्न छोटी बचत योजनाओं पर पुरानी ब्याज दरें एक जुलाई से सितंबर 2021 तक लागू रहेंगी।
सरकार सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC), पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS) सहित कई छोटी बचत योजनाएं प्रदान करती है। छोटी बचत योजनाओं में से लोकप्रिय सुकन्या समृद्धि योजना सबसे अधिक ब्याज दर प्रदान करती है। आइए जानते हैं विभिन्न योजनाओं में निवेशकों को कितना ब्याज मिलेगा।
कुछ योजनाओं में सेक्शन 80सी के तहत टैक्स छूट का लाभ भी मिलता है। इतनी है ब्याज दर-
- सेविंग डिपॉजिट पर चार फीसदी ब्याज
- एक साल की टाइम डिपॉजिट पर 5.5 फीसदी ब्याज
- दो साल की टाइम डिपॉजिट पर 5.5 फीसदी ब्याज
- तीन साल की टाइम डिपॉजिट पर 5.5 फीसदी ब्याज
- पांच साल की टाइम डिपॉजिट पर 6.7 फीसदी ब्याज
- पांच साल की रिकरिंग डिपॉजिट पर 5.8 फीसदी ब्याज
- वरिष्ठ नागरिक बचत योजना पर 7.4 फीसदी ब्याज
- मासिक इनकम खाता पर 6.6 फीसदी ब्याज
- नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट पर 6.8 फीसदी ब्याज
- पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) पर 7.1 फीसदी ब्याज
- किसान विकास पत्र पर 6.9 फीसदी ब्याज
- सुकन्या समृद्धि योजना पर 7.6 फीसदी ब्याज
क्या है सुकन्या समृद्धि योजना?
स्मॉल सेविंग स्कीम के तहत ही सरकार की सुकन्या समृद्धि नाम की एक खास योजना है, जिसमें निवेशकों को रिटर्न मिलता है और वे आसानी से अपने वित्तीय लक्ष्य पूरे कर सकते हैं। यह भारत सरकार की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना में बेटी के नाम पर 15 साल तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये सालाना का निवेश करना होगा। वहीं, एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम जमा राशि 250 रुपये है। इस योजना से आपको काफी फायदा होगा। यह राशि बेटी की पढ़ाई या शादी में लाभकारी रहेगी। अगर आपकी बेटी की उम्र 10 साल तक है, तो आप सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खोल सकते हैं। निवेश पर इनकम टैक्स कानून के सेक्शन 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलती है।
कैसे करें निवेश?
छोटी बचत योजनाएं डाकघर, राष्ट्रीयकृत बैंकों और कुछ बड़े निजी ऋणदाताओं द्वारा संचालित की जाती हैं। इनमें से कुछ उपकरण जैसे पोस्ट ऑफिस टर्म डिपॉजिट केवल पोस्ट ऑफिस द्वारा ही दिए जाते हैं। आप इन योजनाओं में पोस्ट ऑफिस या बैंक की शाखा में जाकर निवेश कर सकते हैं। कई बैंकों ने प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है, विशेष रूप से पीपीएफ योजना, जिसमें नेट बैंकिंग के माध्यम से निवेश किया जा सकता है। याद रखें कि आपके द्वारा निवेश किया गया पैसा सरकार के पास जाता है।