इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ( IPPB ) भारत सरकार के डाक विभाग और संचार मंत्रालय के अधीन एक सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक है, जिसके माध्यम से देश के दूर-दराज के क्षेत्रों तक भी बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना आसान हो गया है। हाल ही में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बेंक के पूर्ण परिचालन का एक साल पूरा हो गया था और तभी बैंक ने आधार युक्त भुगतान प्रणाली (एईपीएस) आधारित सेवाएं शुरू कर दी थीं। आइए जानते हैं इसकी विभिन्न सेवाओं के बारे में।
अन्य बैंकों की तरह इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक एटीएम कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा के लिए चार्ज नहीं करता है। मौजूदा समय में ज्यादातर बैंक 25 रुपये से लेकर 50 रुपये तक एसएमएस अलर्ट के लिए चार्ज लेते हैं। लेकिन इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक इसके लिए कोई पैसे नहीं लेता है।
इंडिया पोस्ट का पेमेंट बैंक 25 हजार रुपये तक की जमा राशि पर 4.5 फीसदी का ब्याज देता है। 25 हजार रुपये से 50 हजार रुपये तक की जमा राशि पर पांच फीसदी तक का ब्याज देता है और 50 हजार से एक लाख रुपये तक की जमा गई राशि पर बैंक ग्राहकों को 5.5 फीसदी की रेट से ब्याज दे रहा है।
आईपीपीबी में चालू खाता, बचत खाता, धन हस्तांतरण, डीबीटी, बिल यूटिलिटी, उद्यम एवं व्यापार संबंधी भुगतान की सेवाएं मुहैया करायी जाती हैं। इसमें ग्राहकों को काउंटर सेवा, माइक्रो एटीएम, मोबाइल बैंकिंग एप, एसएमएस, थर्ड पार्टी इंश्योरेंस और आईवीआर की सेवाएं मिलती हैं।
आईपीपीबी से अब किसी भी बैंक के ग्राहक पैसा निकालने के साथ बैलेंस की जानकारी ले सकते हैं। हालांकि इस सुविधा के लिए ग्राहकों का बैंक खाता आधार कार्ड से जुड़ा होना अनिवार्य है। इसके तहत ग्राहकों को केवल अपने बायोमेट्रिक निशान से लेन-देन की अनुमति देनी होगी।
सुविधा के तहत ग्राहक केवल अपने बायोमेट्रिक ( फिंगरप्रिंट ) निशान से भी लेन-देन कर सकते हैं।