दिल्ली में कॉमन मोबिलिटी कार्ड की सेवा शुरू हो गई। अब यात्री मेट्रो के स्मार्ट कार्ड से डीटीसी बसों में किराये का भुगतान कर पाएंगे। फिलहाल यह सुविधा 250 बसों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हुई है। इसमें गाजियाबाद जाने वाले दो रूटों को भी शामिल किया है।
मेट्रो के स्मार्ट कार्ड से डीटीसी बस में किराये का भुगतान मेट्रो की तरह नहीं होगा। यहां कंडक्टर के पास इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) होगी। बस में चढ़ते समय 5, 10 या 15 जितने का भी टिकट लेना है यह बताकर उसे मेट्रो का स्मार्ट कार्ड देना होगा।
वह आपके कार्ड को ईटीएम की स्क्रीन पर जैसे ही रखेगा, तो कार्ड से पैसा कट जाएगा और टिकट की पर्ची बाहर निकलेगी। मेट्रो स्मार्ट कार्ड में मैग्नेटिक स्ट्रिप होता है और प्रत्येक कार्ड का एक नंबर होता है। आपके कार्ड का नंबर भी डीटीसी के टिकट पर दर्ज होगा।