देश के इक्विटी बाजार के आसार ग्लोबल रेटिंग एजेंसियों और बैंकों को भी अच्छे नजर आ रहे हैं। इसके मद्देनजर अमेरिका के दिग्गज निवेश बैंक गोल्डमैन सॉक्स ने जहां भारतीय शेयर बाजार की रेटिंग बढ़ाई है, वहीं ग्लोबल रेटिंग एजेंसी मॉर्गन स्टैनली ने भी घरेलू व ग्लोबल अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटता देख घरेलू शेयर बाजार में अच्छी ग्रोथ का अनुमान जताया है।
बीते बृहस्पतिवार को गोल्डमैन सॉक्स ने भारतीय शेयर बाजार की साख को ‘मार्केट वेट’ से एक दर्जा ऊपर ‘ओवर वेट’ कर दिया। इससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा और उस दिन बाजार 329 अंक की ऊंची छलांग लगा कर 19 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया।
रिपोर्ट में सरकार की ओर से पिछले दिनों मल्टी ब्रांड रिटेल और विमानन क्षेत्र में एफडीआई की मंजूरी देने, डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, सब्सिडी पर मिलने वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या सीमित किए जाने, पेंशन सेक्टर को विदेशी निवेश के लिए खोलने और बीमा क्षेत्र में एफडीआई की सीमा 49 फीसदी करने के फैसलों को आर्थिक हालात में सुधार लाने वाला बताते हुए इनकी सराहना की गई है। इससे निवेश का माहौल सुधरने से शेयर बाजार के नई ऊंचाई पर पहुंचने के आसार जताए गए हैं।
दूसरी ओर मॉर्गन स्टेनली ने भी इक्विटी बाजार में तेजी का नया दौर शुरू होने की बात कही है। मॉर्गन स्टैनली का मानना है कि भारतीय कंपनियों की हालत दुनिया की बाकी देशों की कंपनियों के मुकाबले सुधरी है और इससे देश के इक्विटी मार्केट में भी मजबूती आई है, जो आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। ग्लोबल अर्थव्यवस्था में ग्रोथ तेज होने पर इक्विटी बाजार भी अच्छी गति से आगे बढ़ेगा।