फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुविधा : पीएफ खाते से भर सकते हैं एलआईसी प्रीमियम, जमा करना होगा फॉर्म-14, जानें शर्तें

Mon, 06 Dec 2021 06:17 AM IST
योगेश साहू कालीचरण, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

निवेश विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप नौकरीपेशा हैं और एलआईसी प्रीमियम का भुगतान करने के लिए यह सुविधा लेना चाहते हैं तो सबसे पहले ईपीएफओ को इसकी सूचना देना होगी।
विज्ञापन
रुपये (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : pixabay
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर आपके पास भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की जीवन बीमा पॉलिसी है और आप वित्तीय मुश्किलों की वजह से उसके प्रीमियम का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब आप अपने इंप्लाई प्रोविडेंट फंड (ईपीएफ) खाते से भी एलआईसी के प्रीमियम का भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए आपको ईपीएफ एडवांस की सुविधा का लाभ लेना होगा।

विज्ञापन


दरअसल, इंप्लाई प्रोविडेंट फंड स्कीम-1952 के तहत ईपीएफ खाताधारक अपने जीवन बीमा पॉलिसी के प्रीमियम का भुगतान ईपीएफ एडवांस के जरिये कर सकते हैं। इसके लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में फॉर्म-14 जमा करना होगा। इस फॉर्म को जमा करते समय ईपीएफ खाते में मौजूद धनराशि कम-से-कम आपके दो साल के एलआईसी प्रीमियम के बराबर होनी चाहिए। ईपीएफ खाताधारक एक बार ही इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। 

पीएफ खाता और पॉलिसी को करना होगा लिंक
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए एलआईसी और ईपीएफओ दोनों को एलआईसी पॉलिसी एवं ईपीएफ खाते को जोड़ने की अनुमति देनी होती है। हालांकि, इस बात का ध्यान रखना होगा कि ईपीएफओ की यह सुविधा सिर्फ एलआईसी प्रीमियम के भुगतान पर ही उपलब्ध है। किसी दूसरी बीमा कंपनी के प्रीमियम के भुगतान के लिए इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन


जांच और सत्यापन के बाद ही मंजूरी

  • आप ईपीएफ खाते के जरिये एलआईसी प्रीमियम का भुगतान करना चाहते हैं तो इस बात का ध्यान रखना होगा कि आपके पीएफ खाते में पर्याप्त रकम होनी चाहिए।
  • प्रीमियम भुगतान से पहले आपके ईपीएफ खाते का पूरा सत्यापन किया जाता है।
  • किसी भी प्रीमियम के भुगतान से पहले कमिश्नर जांच कर इस बात की पुष्टि करेंगे कि सब कुछ सही है।
  • इसके बाद ही आप अपने ईपीएफ खाते से किसी भी किस्त का भुगतान कर सकेंगे।

देनी होगी अग्रिम सूचना
निवेश विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप नौकरीपेशा हैं और एलआईसी प्रीमियम का भुगतान करने के लिए यह सुविधा लेना चाहते हैं तो सबसे पहले ईपीएफओ को इसकी सूचना देना होगी। आप एलआईसी की पॉलिसी खरीदते वक्त भी ईपीएफओ को सूचित कर सकते हैं या कुछ इंस्टॉलमेंट भरने के बाद फॉर्म-14 जमा कर सकते हैं, जो ईपीएफओ की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन को स्वीकृति मिलने के बाद ईपीएफ खाते से भुगतान तारीख से पहले ही एलआईसी का प्रीमियम अपने आप कट जाएगा।

वित्तीय संकट में ही करें इस्तेमाल...
एलआईसी की पॉलिसी खरीदते समय या उसके बाद प्रीमियम जमा करने के लिए इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। यह सुविधा उन लोगों के लिए सौगात है, जिन्हें महामारी के कारण आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। एक पेशेवर के लिए एलआईसी और ईपीएफ दोनों अहम हैं, लेकिन इस सुविधा का इस्तेमाल वित्तीय संकट में ही करें। -बलवंत जैन, टैक्स एवं निवेश सलाहकार

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें