कर्मचारी भविष्य निधि के खाताधारकों को वर्ष 2012-13 के लिए उनके खातों पर 8.5 फीसदी की दर से ब्याज मिल सकती है। पिछले वित्त वर्ष में ब्याज दर 8.25 फीसदी रही थी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन इस बार ब्याज दर 8.5 फीसदी करने का प्रस्ताव 15 फरवरी को होने वाली सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की बैठक में रख सकता है।
यदि इस पर फैसला होता है तो इससे 5 करोड़ से ज्यादा ईपीएफ खाताधारकों को लाभ मिलेगा। मालूम हो कि 2010-11 में ब्याज दर 9.5 फीसदी रही थी। लेकिन इसे पिछले वित्त वर्ष (2011-12) के लिए घटाकर 8.25 फीसदी कर दिया गया था।
वैसे ईपीएफओ ब्याज दर की घोषणा साल के शुरू में ही कर देता है। लेकिन इस बार फैसला लेने में देरी हुई है। ट्रेड यूनियन सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की जल्द से जल्द बैठक कराने का दबाव बना रही हैं, ताकि इस वित्त वर्ष के लिए ब्याज दर पर फैसला लिया जा सके।