अपनी सेवाओं में सुधार न करने के कारण दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सभी प्रमुख टेलिकॉम कंपनियों पर जुर्माना लगा दिया है। इसमें भी सबसे ज्यादा जुर्माना ट्राई ने रिलायंस जियो पर लगाया है।
दिसंबर की तिमाही में नहीं थी सेवाएं सही
ट्राई ने कहा है कि पिछले वर्ष दिसंबर में समाप्त हुई तिमाही में कंपनियों द्वारा ग्राहकों को दी गई सेवा में काफी कमी थी, जो उसके मापदंडों से काफी नीचे रही थीं। इन मापदंडों में इंटरकनेक्ट प्वाइंट पर कंजेशन, कॉल सेंटर व कस्टमर केयर तक ग्राहकों की पहुंच और एक हफ्ते के भीतर ग्राहक के आवेदन पर नंबर बंद करना शामिल है।
इन कंपनियों पर लगा इतना जुर्माना
जिन कंपनियों पर जुर्माना लगाया गया है, उनमें रिलायंस जियो पर 31 लाख रुपये, आइडिया पर 29 लाख रुपये, भारती एयरटेल पर 23 लाख रुपये, वोडाफोन पर 9 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा प्राधिकरण ने भारत संचार निगम लिमिटेड व बंद हो चुकी एयरसेल पर भी जुर्माना लगाया है, जिसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
अक्टूबर 2017 से बदल गए नियम
ट्राई ने अक्टूबर 2017 में गुणवत्ता पर जारी कई नियमों में बदलाव किया था। अब कॉल ड्रॉप मोबाइल टॉवर पर मापी जाती है, जबकि पहले यह सर्किल स्तर पर होती थी। इसके अलावा टॉवर के काम न करने और छोटे शहरों में सर्विस न मिलने पर इसको भी नए मापदंडों में शामिल किया गया है।