आयकर विभाग का नया ई-फाइलिंग पोर्टल
- फोटो : ट्विटर @IncomeTaxIndia
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मंगलवार को समीक्षा बैठक में इन्फोसिस ने आयकर विभाग के नए पोर्टल की खामियों को जल्द दूर करने का भरोसा दिया। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल पर प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा करदाता रिटर्न भर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों को समस्या आ रही है।
सीतारमण ने कंपनी के साथ आयकर पोर्टल की खामियों पर समीक्षा की
वित्तमंत्री के साथ बैठक में वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, राजस्व सचिव तरुण बजाज, सीबीडीटी चेयरमैन जगन्नाथ महापात्रा और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) ने पोर्टल की तकनीकी खामियों पर अपना प्रस्तुतिकरण दिया और बताया कि कहां दिक्कतें आ रही हैं।
इन्फोसिस के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रवीण राव ने कहा, हम पोर्टल की तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। अभी प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा रिटर्न भरे जा रहे हैं, लेकिन कुछ मामलों में समस्या आ रही है।
ज्यादा टीडीएस वसूलने के लिए करदाताओं की पहचान कर रहा विभाग
आयकर विभाग 1 जुलाई से स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) दोगुना वसूलने के लिए करदाताओं की पहचान कर रहा है। बजट में कहा गया था कि जिन करदाताओं ने दो वित्तवर्ष से रिटर्न नहीं भरा है, उनसे ज्यादा टीडीएस लिया जाएगा। यह राशि हर साल के लिए 50 हजार रुपये या उससे ज्यादा हो सकती है।