हैलोनिक्स टेक्नोलॉजीज ने अपनी व्यापक व बेजोड़ एलईडी उत्पाद रेंज के साथ अपने कारोबार को अगले पांच सालों में दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हैलोनिक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, राकेश जुत्शी ने कहा कि एलईडी खंड में बढ़ती हुई प्रसिद्धि के चलते हमने बाजार में मजबूत पकड़ बना ली है और इस वजह से पिछले वर्ष हमने 350 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें हमारी एलईडी कैटेगरी का योगदान 55 फीसदी रहा। अब हमने अगले पांच सालों में 750 करोड़ रुपये का कारोबार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अपने एलईडी उत्पादों की व्यापक रेंज, होम डेकोरेटिव लाइटिंग, कमर्शियल व इंडस्ट्रियल लाइटिंग, स्ट्रीट लाइटिंग, फ्लड लाइटिंग, हैलोजंस एवं हाई इंटेंसिटी डिस्चार्ज लैंप्स जैसे कई अन्य उत्पादों के साथ एलईडी खंड में हैलोनिक्स देश की अग्रणी लाइटिंग कंपनियों में शुमार है। वर्तमान में 20 राज्यों में अपनी सशक्त उपस्थिति के साथ कंपनी ने उत्तरी एवं पूर्वी राज्यों में अपनी जबर्दस्त पकड़ बना ली है। कंपनी अब महाराष्ट्र में व दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल इत्यादि राज्यों में अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटी हुई है।