वित्तीय संकट से जूझ रही एयरलाइन कंपनी गोएयर के आधा वरिष्ठ अधिकारियों ने हाल के दिनों में कंपनी छोड़ दी है। मामले से जुड़े दो सूत्रों के मुताबिक, कंपनी को वेतन देने में मुश्किलें आ रही हैं। इस कारण उसने 4,000 से 4,500 कर्मचारियों को बिना वेतन छुट्टी पर भेज दिया है। वाडिया समूह के इस कंपनी में करीब 6,700 कर्मचारी हैं।
गोएयर के प्रवक्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों के कंपनी छोड़ने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने कहा, कोरोना के कारण विमानन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई कंपनियां खर्चे कम करने के लिए छंटनी कर रही हैैं। कंपनी भी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का आकलन कर रही है।
कोरोना महामारी के कारण उड़ानें बंद होने से गोएयर को वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने मार्च में अपने अधिकांश कर्मचारियों के वेतन में कटौती की घोषणा की थी। अप्रैल में कंपनी ने 60 से 70 फीसदी कर्मचारियों को वेतन के बिना छुट्टी पर भेजने की घोषणा की थी।