प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत करीब 42 करोड़ गरीबों को 53,248 करोड़ की वित्तीय मदद दी गई है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि 1.70 लाख करोड़ रुपये के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत सरकार ने निशुल्क अनाज, महिलाओं को नकदी एवं गरीब बुजुर्गों और किसानों को नकदी हस्तांतरित करने की घोषणा की थी।
केंद्र और राज्य दोनों पैकेज के त्वरित क्रियान्वयन पर निगाह रखे हुए हैं। विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि 8.19 करोड़ लाभार्थियों को पीएम किसान योजना की पहली किस्त के भुगतान के लिए 16,394 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
महिला जनधन खाताधारकों को 20,344 करोड़
विज्ञप्ति में कहा गया है कि 20.05 करोड़ महिला जनधन खाताधारकों के खाते में पहली किस्त के भुगतान के लिए 10,029 करोड़ और 20.62 करोड़ महिला खाताधारकों को दूसरी किस्त के भुगतान के लिए 10,315 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, 2.81 करोड़ बुजुर्गों को पेंशन के मद में 2,814.5 करोड़ दिए गए हैं।
भवन निर्माण से जुड़े 2.3 करोड़ श्रमिकों को अब तक 4,312.82 करोड़ की वित्तीय मदद दी गई है। सरकार ने 59.23 लाख कर्मचारियों के पीएफ खाते में नियोक्ता एवं कर्मचारी दोनों के हिस्से का 24 फीसदी अंशदान किया है। इस पर अब तक 895.09 करोड़ खर्च हुए हैं।