वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली के बारे में करदाताओं और संबंधित व्यक्तियों (स्टेकहोल्डरो) को नवीनतम जानकारी मिल सके, इसके लिए सरकार ने एक मोबाइल ऐप लांच किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को देखते हुए इसे जारी किया गया है।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) ने करदाताओं को अन्य बातों के अलावा जीएसटी पर भी नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इसे शुरू किया है। करदाता इसके जरिये जीएसटी पद्धति अपनाने से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश, जीएसटी से जुड़े कानूनों का मसौदा, पंजीकरण, रिटर्न, भुगतान, रिफंड और इनवॉयस से संबंधित नियमों का मसौदा, जीएसटी पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (एफएक्यू) तथा जीएसटी से संबंधित विभिन्न संसाधन जैसे कोई वीडियो, लेख आदि पढ़ या देख सकते हैं।
यही नहीं, इस पर जीएसटी से संबंधित वेबसाइट लिंक, हेल्पडेस्क या ई-मेल संपर्क के लिए भी व्यवस्था की गई है। सरकार का मानना है कि इस ऐप से करदाताओं का जीएसटी पर नवीनतम जानकारी पाना सुलभ हो जाएगा।
करदाता इसके अलावा अपनी ओर से सुझाव भी दे सकते हैं और एक टोल फ्री नंबर अथवा ई-मेल के जरिये एक बटन दबाकर सीबीईसी की चौबीसों घंटे कार्यरत रहने वाली हेल्पडेस्क ‘सीबीईसी मित्र’ से संपर्क भी कर सकते हैं।
इस ऐप को एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर नि:शुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि इसका आईओएस वर्जन भी शीघ्र ही आ जाएगा।