केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (file photo)
- फोटो : पीटीआई
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कहा कि सरकार की नीतियों और उसके द्वारा उठाए गए सक्रिय कदमों से देश को कोरोना महामारी से पैदा हुई स्थिति से उबरने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि इन कदमों में कॉरपोरेट कर में कटौती और अर्थव्यवस्था का डिजिटलीकरण जैसे उपाय शामिल हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विशेष सप्ताह समारोह में आयोजित कार्यक्रम 'भारत की आर्थिक यात्रा@75' में वित्त मंत्री ने कहा कि भारत ने अपने मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ चुनौतियों का सामना किया और सफलता पाई।
अर्थव्यवस्था और लोगों को मुश्किल समय का मुकाबला करने में सक्षम बनाया गया
इस कार्यक्रम का आयोजन आर्थिक मामलों के विभाग और सेबी ने मिलकर किया था। वित्त मंत्री ने कहा कि 2014 से सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों ने अर्थव्यवस्था और लोगों को मुश्किल समय का मुकाबला करने में सक्षम बनाया। महामारी के दौरान सरकार के दृष्टिकोण ने नागरिकों की मदद की। सीतारमण ने कहा कि अर्थव्यवस्था को उबारने (2014 के बाद से) और वृद्धि की सभी बाधाओं को दूर करने के बावजूद चुनौतियां थीं और ऐसे में जो बड़े कदम उठाए गए (कॉरपोरेट कर को कम करना, अर्थव्यवस्था का डिजिटलीकरण, आईबीसी कोड, जीएसटी) उसने हमें ऐसे हालात का सामना करने के लिए तैयार किया, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। पिछले दो वर्षों में कोरोना के बावजूद भारतीय खुदरा निवेशकों ने शेयर बाजार तक पहुंचने के लिए ऑनलाइन साधन खोजे हैं और निवेशकों को शिक्षित करने में सेबी की भूमिका रही।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को सेबी चेयरमैन माधबी पुरी बुच के कोरोना से शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वित्त मंत्रालय की ओर से आयोजित आइकॉनिक सप्ताह के कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई कि सेबी चेयरमैन जल्द इसमें शामिल होंगी। सेबी चेयरमैन को आइकॉनिक सप्ताह से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना था, लेकिन वे कोरोना की चपेट में आ गई हैं। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने भारतीय विकास और आर्थिक सहायता योजनाओं के लिए नया ई-ट्रैकिंग एंड रिमोट एडमिनिस्ट्रेशन पोर्टल और मोबाइल एप (NETRA) लांच किया।