फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

52 हफ्ते के उच्च्तम स्तर पर पहुंचा टाटा मोटर्स का शेयर, जानिए क्या है वजह

Tue, 12 Jan 2021 01:32 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
tata motors share - फोटो : Tata Motors
विज्ञापन

अमेरिकी कंपनी टेस्ला आधिकारिक रूप से भारतीय बाजार में एंट्री करने की तैयारी में है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि टेस्ला 2021 में भारत में अपना कारोबार शुरू करेगी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि टेस्ला अपने वाहनों को भारत में बेचने के लिए टाटा मोटर्स के साथ करार करने वाली है। इसके तहत टेस्ला टाटा मोटर्स की मौजूदा फैसिलिटीज का इस्तेमाल कर सकेगी। इन खबरों के बाद से टाटा मोटर्स के शेयर में उछाल जारी है। ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने सोमवार को शेयर बाजार में सबको हैरान कर दिया। कंपनी का शेयर 13 फीसदी की तिजी के साथ 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 

विज्ञापन


अफवाहों की नहीं हुई पुष्टि
इन अफवाहों में यह भी कहा गया कि दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने इसके लिए सभी जरूरी काम कर लिए हैं और भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कार उतारने के लिए टाटा के इंफ्रास्ट्रक्चर को सबसे उपयुक्त पाया है। लेकिन इन अफवाहों की पुष्टि नहीं हुई है। अफवाहों की पुष्टि न होने पर भी टाटा मोटर्स का शेयरों में भारी तेजी आई और उसने अपर सर्किट का स्तर छू लिया। 

टाटा मोटर्स के शेयर में उछाल जारी
पिछले आठ कारोबारी दिनों में कंपनी के शेयर्स करीब 25 फीसदी तक चढ़े हैं। 227 के स्तर पर खुलने के बाद आज दोपहर 12.21 बजे यह 22.10 अंक (10.02 फीसदी) ऊपर 242.75 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 220.65 के स्तर पर बंद हुआ था। मौजूदा समय में कंपनी का बाजार पूंजीकरण (बाजार हैसियत) 803.51 अरब रुपये है। मार्च में न्यूनतम स्तर पर पहुंचने के बाद अब तक कंपनी के शेयरों में 250 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
विज्ञापन


इसके अतिरिक्त टाटा मोटर्स के शेयरों में इसलिए भी तेजी आई क्योंकि उसके घरेलू कारोबार और जेएलआर कारोबार ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया। दिसंबर में कंपनी की घरेलू बिक्री 53430 यूनिट रही। पिछले साल के मुकाबले यह 21 फीसदी ज्यादा है। 

दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटो कंपनी है टेस्ला
मालूम हो कि टेस्ला दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटो कंपनी है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 800 अरब डॉलर है। टेस्ला की स्ट्रैटोस्फेरिक रैली ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क को अमेजन इंक के मालिक जेफ बेजोस को पछाड़ कर दुनिया का सबसे अमीर आदमी बनने में मदद की है। कंपनी की यह दौलत इसलिए भी आश्चर्यजनक है क्योंकि यह ऑटो कंपनी महज 17 साल पुरानी है और बिक्री के लिहाज से कंपनी का उत्पादन टोयोटा मोटर्स, फॉक्सवैगन और जनरल मोटर्स जैसी बड़े प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में अंशमात्र है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें