Tata motors best ever car discount
- फोटो : Social
कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में अपना कहर बरसा रखा है। इस वायरस के चलते अब तक दुनियाभर में 4000 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, भारत में अब तक इसके 100 से भी ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में कोरोना का प्रभाव रोकने के लिए कई तरह के उपाय किए जा रहे हैं। कई जगहों पर स्कूल, कॉलेज से लेकर शॉपिंग मॉल तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को 'वर्क फ्रॉम होम' (Work From Home) जैसी सुविधा दे रही हैं। इसी कड़ी में अब टाटा मोटर्स (TATA MOTORS) भी सामने आ गई है।
टाटा मोटर्स की तरफ से मुख्यालय और क्षेत्रीय ऑफिस में काम करने वाले अपने सभी कर्मचारियों 'वर्क फ्रॉम होम' करने को कहा गया है। यानी टाटा के कर्मचारी सोमवार से अपने घर से काम करेंगे। कंपनी की तरफ से यह फैसला कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए लिया गया है। यह वायरस न फैले इसके लिए कंपनी ने कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा है।
टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी गुएंटेर बुट्श्चेक ने कर्मचारियों को भेजे पत्र में कहा, 'कोरोना वायरस के चीन के अलावा अन्य देशों में फैलने को देखते हुए कंपनी ने स्थिति पर नजर रखने के लिये एक टीम का गठन किया है ताकि, कर्मचारियों के जोखिम की आशंका को दूर करने के लिये कदम उठाये जा सके।'
टाटा मोटर्स ने अपने कर्मचारियों के लिये सार्वजनिक परिवहन (हवाई जहाज, रेल, सड़क) अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्रा निलंबित कर दी है। यात्रा अब मंजूरी पर निर्भर करेगी। वहीं बायोमेट्रिक मशीन के जरिये हाजिरी लेने की जगह ‘कार्ड स्वैप’ की व्यवस्था की गयी है।
टाटा मोटर्स की तरफ से 20 से अधिक कर्मचारियों की होने वाली बैंठकों और शिक्षण-प्रशिक्षण को निलंबित कर दिया गया है। गर्भवती महिलाओं और श्वसन संबंधी बीमारी तथा हृदय रोग से से पीड़ित कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी गयी है। टाटा मोटर्स ने कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिये कैंटीन में सीटों की दूरी बढ़ा दी है और काम के अलग-अलग घंटे की व्यवस्था की है