देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) ने अब तक की सबसे बड़ी आउटसोर्सिंग डील की है। यह डील उसने टेलिविजन रेटिंग एजेंसी नीलसन के साथ की है। इस डील के तहत अगले तीन सालों (2020 तक) कंपनी नीलसन के सभी आउटसोर्सिंग कार्यों को करेगी। इस डील के लिए टीसीएस को 2.25 बिलियन डॉलर (225 करोड़ डॉलर) मिलेंगे।
2007 में किया था 10 साल का कॉन्ट्रैक्ट
टीसीएस को नीलसन ने 2007 में 1.2 बिलियन डॉलर का 10 साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया था। फिर नीलसन ने 2013 में इसे बढ़ाकर के 2.25 बिलियन डॉलर का कर दिया था। तब टीसीएस ने नीलसन को हर साल 320 मिलियन डॉलर का बिजनेस देने का वादा किया था। अब कॉन्ट्रैक्ट के हिसाब से 2025 तक हर तीन साल में इसको रिन्यु किया जाएगा।
वेल्थ जेनरेशन में बनी सबसे बड़ी कंपनी
टीसीएस हाल ही में देश की सबसे बड़ी कंपनी बन गई थी। इसने एचडीएफसी बैंक और मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज को भी वेल्थ जेनरेशन के मामले में पीछे कर दिया था। 2012 से 2017 के बीच टीसीएस ने जहां 2.50 लाख करोड़ की वेल्थ बनाई, वहीं एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज ने क्रमशः 2.31 लाख करोड़ व 1.89 लाख करोड़ रुपये का कारोबार किया।