जापान की वाहन निर्माता सुजुकी मोटर कॉर्प के पूर्ण स्वामित्व वाले गुजरात कार संयंत्र से अगले साल तक उत्पादन शुरू हो जाएगा। सुजुकी मोटर कॉर्प के अध्यक्ष ओसामू सुजुकी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिलने के बाद यह बात कही।
गुजरात संयंत्र में 18,500 करोड़ रुपये के कुल निवेश की बात कही गई है। सुजुकी ने कहा कि योजना के अनुसार परिचालन 2017 में शुरू होगा। गुजरात संयंत्र भारत में सुजुकी मोटर का पहला पूर्ण स्वामित्व वाला कार संयंत्र है। कंपनी अपनी पहली भारतीय इकाई को किनारे कर इसे स्थापित कर रही है। यह संयंत्र मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड को वाहन और पुर्जों की आपूर्ति करेगा।
सुजुकी मोटर, मारुति सुजुकी इंडिया की 56 फीसदी की मालिक है। मारुति सुजुकी इंडिया देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता है, जिसका लगभग आधे बाजार पर नियंत्रण है।
भारत के 2020 से पहले जापान और जर्मनी को पीछे छोड़ने और चीन और अमेरिका के बाद दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन जाने की उम्मीद है। पहले चरण में गुजरात फैक्ट्री की क्षमता सालाना 2,50,000 वाहन बनाने की होगी। भारत में सुजुकी का कार उत्पादन 2022 तक 20 लाख यूनिट तक पहुंच जाएगा। फिलहाल उत्पादन 14 लाख यूनिट है।